Illegal Colonies: शहर में अवैध कॉलोनियों के विकास का मामला अब नगर पालिका प्रशासन के लिए मुश्किलें खड़ी करता नजर आ रहा है। परिषद की बैठकों में बार-बार मुद्दा उठने, पार्षदों की शिकायतों और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित होने के बावजूद संबंधित कॉलोनाइजरों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। पार्षदों ने इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। पार्षदों का आरोप है कि नगर पालिका क्षेत्र में कुछ कॉलोनियां नियमों को दरकिनार कर विकसित की जा रही हैं। इन कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परिषद पहले ही स्पष्ट निर्णय ले चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से उन फैसलों को जमीन पर उतारने में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर परिषद के प्रस्तावों पर अमल क्यों नहीं हो रहा है?
तीन बार पारित हुए प्रस्ताव, फिर भी कार्रवाई अधूरी
नगर पालिका परिषद की सामान्य और विशेष सम्मिलन की बैठकों में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा कई बार उठाया जा चुका है। पार्षदों ने ज्ञापन में बताया कि परिषद की 7 दिसंबर 2020 की बैठक में संकल्प क्रमांक 20, 18 जून 2025 को संकल्प क्रमांक 58 और 10 दिसंबर 2025 को संकल्प क्रमांक 66 पारित किए गए थे। इन तीनों प्रस्तावों में अवैध कॉलोनियों के विकास कार्यों पर रोक लगाने, निर्माण गतिविधियां बंद कराने और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पार्षदों ने प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े किए हैं।
नोटिस जारी हुए, लेकिन जवाब नहीं मिलने का आरोप
पार्षदों ने अपने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित कॉलोनाइजरों को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन उनकी ओर से जवाब तक नहीं दिया जा रहा है। इसके बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ने के बजाय मामला नोटिस और पत्राचार तक सीमित नजर आ रहा है। पार्षदों का कहना है कि जब संबंधित पक्ष नोटिस का जवाब नहीं दे रहे हैं, तो प्रशासन को नियमानुसार अगला कदम उठाना चाहिए। केवल नोटिस जारी करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। परिषद के निर्णयों का पालन कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। ज्ञापन के माध्यम से पार्षदों ने चिन्हित अवैध कॉलोनियों में निर्माण गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने, नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने, अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण और संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानूनी मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
प्रशासन की चुप्पी से उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली और परिषद के निर्णयों के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पार्षदों की शिकायत के बाद प्रशासन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी फाइलों और पत्राचार तक ही सीमित रह जाता है।











