Elephant News: जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत होते ही वनांचल क्षेत्रों में एक बार फिर गजराज की दस्तक ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। कोरबा और कटघोरा वनमंडल के जंगलों में इस समय 73 हाथियों के अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं, जिससे इलाके के 24 से ज्यादा धान उपार्जन केंद्रों पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। धान की महक से खिंचे चले आने वाले हाथियों से उपज को बचाने के लिए अब जिला प्रशासन और वन विभाग ने मिलकर कमर कस ली है। संभावित नुकसान को टालने के लिए संवेदनशील केंद्रों से धान हटाकर सुरक्षित जगहों पर रखने की कवायद शुरू कर दी गई है।
लबेद बनेगा सुरक्षा कवच, 10 लाख क्विंटल धान होगा शिफ्ट
हाथियों के आतंक से धान को बचाने के लिए प्रशासन ने कोरबा वनमंडल के लबेद में एक बड़ा संग्रहण केंद्र बनाने का फैसला लिया है। करीब 10 लाख क्विंटल की क्षमता वाले इस केंद्र में हाथी प्रभावित 24 खरीदी केंद्रों का धान लाकर सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा, जिन केंद्रों पर जगह की कमी या उठाव में देरी के कारण जाम की स्थिति बनेगी, वहां का धान भी यहीं शिफ्ट होगा। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए चारों तरफ तार फेंसिंग, रात के लिए हाई-मास्ट लाइट और वन कर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती की जाएगी। कटघोरा वनमंडल में भी इसी तर्ज पर एक सुरक्षित जगह की तलाश की जा रही है।
वॉच टॉवर और 'हाथी मित्रों' के जिम्मे सुरक्षा
वन विभाग ने हाथियों की पल-पल की लोकेशन ट्रैक करने के लिए बासिन-संडेल समेत आधा दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों में वॉच टॉवर तैयार किए हैं, जहां से दिन-रात निगरानी की जा रही है। उप वन मंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मुताबिक, फील्ड स्टाफ के साथ-साथ गश्ती दलों और स्थानीय 'हाथी मित्रों' को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि वे रात में पर्याप्त रोशनी रखें और केंद्रों पर धान का अनावश्यक स्टॉक जमा न होने दें। ग्रामीणों और किसानों से भी अपील की गई है कि वे हाथियों के करीब न जाएं और दल दिखते ही तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
पिछले साल की तबाही से लिया सबक
दरअसल, पिछले खरीदी सीजन में हाथियों के झुंड ने कई उपार्जन केंद्रों में धावा बोलकर न केवल हजारों क्विंटल धान चट कर दिया था, बल्कि शेड और फेंसिंग भी तोड़ डाली थी। इसी कड़वे अनुभव से सबक लेते हुए इस बार पहले ही सतर्कता बरती जा रही है। पसान, केंदई, एतमा नगर, कुदमुरा, करतला और बालको क्षेत्र के केंद्रों को 'अति-संवेदनशील' श्रेणी में रखा गया है।
इन केंद्रों पर मंडरा रहा सबसे ज्यादा खतरा
सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक ने वन विभाग को पत्र भेजकर संवेदनशील केंद्रों की सूची सौंपी है। इनमें श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिरो, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा, जटगा, कटघोरा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोड़ी उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा और बेहरचुआ प्रमुख रूप से शामिल हैं।31 लाख क्विंटल खरीदी का लक्ष्य, 15 जनवरी तक चलेगी प्रक्रिया
जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से लबेद संग्रहण केंद्र बेहद अहम साबित होगा। दूसरी ओर, इस बार किसानों के बढ़े हुए पंजीयन और रकबे को देखते हुए जिले में 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 8 नए उपार्जन केंद्र भी खोले गए हैं। रीसाइक्लिंग रोकने के लिए इस बार खरीदी (जो 15 जनवरी तक चलेगी) पूरी होने के बाद ही उठाव पर जोर दिया जाएगा। डीओ (DO) जारी करने में संग्रहण केंद्रों को प्राथमिकता मिलेगी, वहीं कस्टम मिलिंग की रफ्तार बढ़ाने के लिए जिले में नए मिलर्स से अनुबंध की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।












