Elephant Rescue: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 17 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान पहले ही दिन सफल नहीं हो सका। शुक्रवार को विशेषज्ञों की टीम ने हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की कोशिश की, लेकिन जंगल में उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल पाई। इसके चलते टीम को अभियान रोकना पड़ा। अब शनिवार को दोबारा हाथी की तलाश की जाएगी। इस बार तैमोर पिंगला अभयारण्य से लाए गए दो कुमकी हाथियों की मदद ली जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी के सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में सायर और पहाड़कोरजा गांव के बीच स्थित घने जंगल में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने की तैयारी शुरू की और तैमोर पिंगला अभयारण्य से दो कुमकी हाथियों को रात में ही उदयपुर बुला लिया।
ड्रोन और कुमकी हाथियों से भी नहीं मिला कबरा का सुराग
शुक्रवार सुबह वन अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ने ग्राम सायर में पहुंचकर अभियान शुरू किया। हाथी की तलाश के लिए तीन ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उसकी लोकेशन का पता नहीं चल सका। इसके बाद महावतों और विशेषज्ञों ने कुमकी हाथियों को कबरा के पदचिह्नों की गंध के सहारे जंगल में आगे बढ़ाया। दोनों कुमकी हाथी करीब सात किलोमीटर तक जंगल के भीतर गए, लेकिन पथरीले रास्ते और बड़ी-बड़ी चट्टानों के कारण हाथी के स्पष्ट निशान नहीं मिल सके। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते कुमकी हाथी भी रास्ता भटक गए। आखिरकार शुक्रवार का अभियान रोकना पड़ा।
17 हाथियों के झुंड में शामिल है कबरा
मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) प्रणय मिश्रा के अनुसार, सायर और पहाड़कोरजा के बीच के जंगल में पहले से ही 17 हाथियों का एक झुंड मौजूद है। कबरा भी इसी दल में शामिल हो गया है। झुंड में दूसरे हाथियों के साथ रहने के कारण उसकी अलग से पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। वन विभाग की योजना है कि कबरा के झुंड से अलग होने पर उसकी पहचान कर उसे ट्रेंक्यूलाइज किया जाए और रेडियो कॉलर लगाया जाए। इससे उसकी गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखने में मदद मिलेगी। प्रणय मिश्रा ने बताया कि कबरा को पकड़ने के बाद तैमोर पिंगला के रेस्क्यू सेंटर में रखने पर सहमति बनी है। इसके लिए शासन से जल्द आदेश मिलने की उम्मीद है।कई जिलों के वन अधिकारी और विशेषज्ञ अभियान में शामिल
कबरा हाथी को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान में सरगुजा संभाग के कई वन अधिकारी और विशेषज्ञ जुटे हुए हैं। टीम में वन्य प्राणी सीसीएफ प्रणय मिश्रा, वन्य प्राणी डीएफओ सौरभ सिंह, सरगुजा वनमंडलाधिकारी लोकनाथ पटेल और सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल शामिल रहे। इसके अलावा उप वनमंडलाधिकारी सपना मुखर्जी, प्रतापपुर की संस्कृति वारले और उदयपुर रेंजर फेकू चौबे सहित सीतापुर, मैनपाट, सूरजपुर, प्रतापपुर और प्रेमनगर के रेंजर भी अभियान में मौजूद रहे। विशेषज्ञों की टीम में तैमोर पिंगला के डॉ. अजीत और कानन पेंडारी के डॉ. चंदन व डॉ. जड़िया शामिल रहे। अब शनिवार को एक बार फिर कुमकी हाथियों की मदद से कबरा की तलाश शुरू की जाएगी।












