CG News: तहसील कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक कमरे में अलमारी के पीछे कोबरा सांप दिखाई दिया। कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी कामकाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सांप की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। गनीमत रही कि घटना रविवार को सामने आई, जब कार्यालय में आम दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम रहती है।
प्रतिलिपि शाखा में काम के दौरान दिखा कोबरा
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह प्रतिलिपि शाखा में काम के सिलसिले में सहायक ग्रेड-2 आईपी डाहिरे और एक अन्य व्यक्ति पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर अलमारी के पीछे बैठे कोबरा पर पड़ी। कमरे के भीतर जहरीले सांप को देखकर उन्होंने बिना देर किए संबंधित विभाग और रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी।
अविनाश यादव और उनकी टीम ने किया रेस्क्यू
कोबरा मिलने की सूचना के बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य अविनाश यादव अपने सहयोगी मानस के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। टीम ने मौके का जायजा लेने के बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अलमारी के पीछे छिपे कोबरा को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया।वन विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की कि घर, कार्यालय या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें। सावधानी बरतने और विशेषज्ञों की मदद लेने से संभावित हादसों से बचा जा सकता है।






