CG Crime News: कोरबा जिले में 7 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना से लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में कटघोरा नगर में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को फांसी देने की मांग की। यह मार्च जय स्तंभ चौक से शुरू होकर शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए।
कैंडल मार्च में कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने जिले में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाना चाहिए।
आरोपी की पेशी के दौरान वकीलों ने की थी पिटाई
इस मामले को लेकर लोगों में गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अदालत में पेश किए जाने के दौरान वकीलों ने उसकी पिटाई कर दी थी। वकीलों ने आरोपी का केस नहीं लड़ने का भी ऐलान किया था। घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मजदूरी के लिए सक्ती जिले से कोरबा आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ मजदूरी करने के लिए कोरबा जिले के रजगामार पहुंचा था। परिवार यहीं रहकर रोजी-रोटी कमाने में जुटा था। इसी दौरान 19 अक्टूबर को बच्ची के लापता होने की घटना सामने आई।राशन दुकान जाने के बाद लापता हो गई थी बच्ची
बताया गया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तीन दिन की तलाश के बाद झाड़ियों में मिला शव
बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने पर बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। करीब तीन दिन तक तलाश जारी रही। गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव बरामद हुआ। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस ने आरोपी अमित चौहान को किया गिरफ्तार
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित चौहान नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह बालको क्षेत्र का निवासी बताया गया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों की ओर से आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग भी उठ रही है।







