Raigarh Crime News: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, नशे में धुत पांच दोस्तों ने बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने के इरादे से बस स्टैंड में सो रहे एक व्यक्ति को लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर चले गए।
बस स्टैंड के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाने को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान कुछ किशोरों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। मिली जानकारी और हुलिए के आधार पर पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की।नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे लूटपाट
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए अक्सर चोरी करते थे। शराब के नशे में रहने वाले लोगों के अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अकेले मौजूद लोगों को निशाना बनाते थे। जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर को भी आरोपियों ने बस स्टैंड पर सो रहे व्यक्ति से पैसे छीनने की कोशिश की थी। लेकिन व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया। इसी दौरान एक नाबालिग ने बटन चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।
हत्या में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बटन चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त की है। मामले में 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। महज कुछ पैसों के लिए हुई इस वारदात ने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।






