Bike Fire in Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गैरज में रिपेरिंग के दौरान बाइक में आग लग गई। आनन फानन में मैकेनिक ने बाइक को गैरेज से दूर किया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
किक मारते ही उठी चिंगारी, बाइक में भड़की आग
यह घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र में मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी, जिसके बाद उसका मालिक उसे ठीक कराने के लिए गैरेज लेकर पहुंचा। मैकेनिक ने जब बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, तभी अचानक चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल पहुंचने से पहले जलकर खाक हुई बाइक
घटना की सूचना दमकल विभाग और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई। हालांकि, दमकल की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक में पेट्रोल का रिसाव होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि किक मारने के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़क उठी।पूर्व पार्षद ने दी घटना की जानकारी
स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सिंह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में आग पूरी तरह फैल चुकी थी। आग बुझाने के लिए दमकल वाहन को बुलाया गया और उस पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बाइक जलकर खाक हो चुकी थी। घटना में बाइक को भारी नुकसान हुआ है।






