CG News: कोरबा जिलें में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने से आसपास में मची अफरा-तफरी, स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। आग इतनी तेजी से फैलने की स्कूटी देखते ही देखते राख हो गई, घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी बहन कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए दोनों ने स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। समय रहते उठाए गए इस कदम से एक बड़ा हादसा टल गया।
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कोरबा में हुई इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच वाहन की बैटरी, चार्जिंग सिस्टम और तकनीकी खराबी जैसे संभावित कारणों की जांच जरूरी है। हालांकि, कोरबा की इस घटना में आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
धू-धूकर जली स्कूटी, वीडियो वायरल
स्कूटी में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैल गईं। देखते ही देखते वाहन आग की चपेट में आ गया और पूरी तरह जल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें स्कूटी को आग की लपटों से घिरा देखा जा सकता है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।






