Missing Girl Case: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में 3 दिन से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई, बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला है। जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है, मामले में अनाचार की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। राशन दुकान से सामान लेने निकली थी बच्ची जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता करीब चार महीने पहले परिवार के साथ मजदूरी करने रजगामार आए थे।
राशन दुकान से सामान लेने निकली बच्ची लापता
बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। उन्होंने आसपास के इलाकों और गांव में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तलाश अभियान शुरू किया गया। तीन दिन की तलाश के बाद झाड़ियों में मिला शव बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने पर बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

तीन दिन की तलाश के बाद झाड़ियों में मिला बच्ची का शव
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की सहायता से भी खोजबीन की। लगातार तलाश के करीब तीन दिन बाद गुरुवार को बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अनाचार की आशंका समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस संबंध में स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस साक्ष्य जुटाने और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में लगी है।






