car stunt viral video: सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की दीवानगी किस हद तक खतरनाक हो सकती है, इसकी एक बानगी छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सामने आई है। यहां नवरात्रि के माहौल में कुछ ऐसा हुआ, जिसने देखने वालों को भी हैरान कर दिया। सड़क पर चलती एक काली कार पर तीन युवतियों ने ऐसा खतरनाक स्टंट किया कि वीडियो सामने आते ही सनसनी फैल गई। अब इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए वाहन मालिक और युवतियों पर कानूनी शिकंजा कस दिया है।
गरबा ड्रेस में चलती कार पर मस्ती और खतरनाक स्टंट
मामला कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी अंतर्गत रविशंकर नगर इलाके का है। इन दिनों नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर की सड़कों और मोहल्लों को बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। इसी बीच, एक काले रंग की कार सड़क पर फर्राटा भर रही थी, लेकिन इस गाड़ी के अंदर लोग नहीं बल्कि उसका बाहरी हिस्सा चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवती ने गरबा ड्रेस पहन रखी है और वह चलती हुई कार के बोनट पर आराम से लेटी हुई है। वहीं, दो अन्य युवतियां कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटकर अजीबोगरीब मुद्रा में डांस कर रही हैं। चलती गाड़ी पर इस तरह की लापरवाही न सिर्फ उन तीनों की जान के लिए बड़ा खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी दांव पर लगा रही थी।
सोशल मीडिया पर कैप्शन के साथ किया था अपलोड
यह पूरा स्टंट सिर्फ मजे के लिए नहीं था, बल्कि इसे सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के लिए बाकायदा शूट किया गया था। युवतियों ने इस खतरनाक करतब का वीडियो ‘जस्ट चील चील चील’ गाने के साथ एडिट किया और इंस्टाग्राम या अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई, वीडियो के साथ जो कैप्शन लिखा गया था, उसने लोगों का और ज्यादा ध्यान खींचा। पोस्ट पर लिखा था— ‘Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’ यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, नेटिज़न्स ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। लोगों ने इस तरह की स्टंटबाजी को सरासर बेवकूफी बताते हुए कोरबा पुलिस से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की।कार नंबर से हुई पहचान, पुलिस ने दर्ज किया केस
वायरल वीडियो में कार का नंबर CG 12 BV 6007 साफ-साफ नजर आ रहा था। वीडियो के तूल पकड़ते ही पुलिस हरकत में आई और नंबर के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई। कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक चलती हुई काली कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर युवतियों के बैठने और खतरनाक तरीके से स्टंट करने की बात सामने आई थी। इस तरह से वाहन चलाना स्पष्ट रूप से जनता की जान को जोखिम में डालना है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार मालिक के साथ-साथ स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की दो टूक: 'शौक' नहीं, जान जोखिम में डालने वाला है ऐसा स्टंट
इस घटना के बाद कोरबा पुलिस ने विशेषकर युवाओं के लिए एक सख्त चेतावनी और अपील जारी की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के चक्कर में लोग अपनी और दूसरों की जिंदगी से खेल रहे हैं। त्योहारी सीजन के दौरान सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले भीड़ और आवाजाही काफी ज्यादा होती है। ऐसे में इस तरह का स्टंट किसी भी पल एक बड़े और भयानक सड़क हादसे का सबब बन सकता है। पुलिस लगातार सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करती रही है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी सड़क पर हुड़दंग मचाने और लोगों की जान खतरे में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।







