School Viral Video: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। कोटमी सोनार स्थित एक सरकारी स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ने वाले मासूम बच्चों से कक्षाओं की सफाई और दीवारों की मरम्मत कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में खासा आक्रोश है। वहीं, मामला तूल पकड़ता देख अब शिक्षा विभाग हरकत में आया है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में?
यह पूरा मामला कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है। वायरल फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि स्कूल की यूनिफॉर्म पहने छोटे बच्चे पढ़ाई करने के बजाय हाथों में झाड़ू थामे कक्षाओं की सफाई कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ बच्चे स्कूल की दीवारों में पड़ी दरारों को सीमेंट से भरते और लीपापोती करते भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक युवक ने बच्चों को काम करते देख यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन को घेरा
वीडियो वायरल होने के बाद बच्चों के माता-पिता ने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया है। अभिभावकों का सीधा सवाल है कि वे अपने बच्चों को स्कूल में भविष्य संवारने और पढ़ाई करने के लिए भेजते हैं, न कि मजदूरी या स्कूल भवन की मरम्मत करने के लिए। परिजन इस बात से नाराज हैं कि स्कूल प्रबंधन छोटे बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों को ताक पर रखकर उनसे ऐसे काम करवा रहा है।
शिक्षा विभाग ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनोहर प्रताप सिंह ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। डीईओ के मुताबिक, जांच टीम की रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी इसके लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












