Gold Theft: राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा इलाके में सोने के जेवर बनाने वाले एक कारखाने से दो कारीगर भाइयों के 370 ग्राम सोना लेकर गायब होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों भाई करीब आठ साल से इसी कारखाने में काम कर रहे थे और संचालक को उन पर पूरा भरोसा था। कारखाना संचालक की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कारखाना खुलने के वक्त से जुड़े थे दोनों भाई
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के रहने वाले दिनेश पांजा बूढ़ापारा में किराए के मकान से ‘पांजा ज्वेलर्स’ के नाम से जेवर बनाने का काम चलाते हैं। उनके कारखाने में करीब 15 कारीगर काम करते हैं। इनमें प्रशांत बार और उसका छोटा भाई विकास बार भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाई कारखाने की शुरुआत से ही वहां काम कर रहे थे।
पत्नी की तबीयत का बहाना बना निकला बड़ा भाई, फिर छोटा भी गायब
शिकायत के अनुसार, गोलछा ब्रदर्स की ओर से 22 कैरेट के आभूषण तैयार करने के लिए 24 कैरेट सोना दिया गया था। 23 अप्रैल 2026 को प्रशांत को 260.694 ग्राम सोना सौंपा गया, जबकि 24 अप्रैल को विकास को 109.306 ग्राम सोना दिया गया। कुछ समय बाद प्रशांत ने अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने की बात कही और घर जाने के लिए कारखाना छोड़ दिया। उसने यह भी कहा कि वह सोना अपने छोटे भाई के पास छोड़कर जा रहा है। इसके अगले ही दिन विकास भी बिना किसी को बताए सोना लेकर वहां से चला गया।
टालमटोल के बाद घर पहुंचे संचालक, सोना बेचने की बात आई सामने
जब काफी समय तक सोना वापस नहीं आया, तो संचालक ने दोनों भाइयों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टालमटोल करते रहे। आखिरकार संचालक अपने स्टाफ के साथ प्रशांत के घर पहुंचे, जहां दोनों भाई मिल गए। आरोप है कि वहां दोनों ने कुछ सोना बेच देने की बात कबूली और बाकी हिस्सा जुटाकर लौटाने का भरोसा दिलाया। हालांकि, काफी इंतजार के बाद भी सोना वापस नहीं मिला, जिससे संचालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद संचालक ने थाने का रुख किया, जिस पर कोतवाली पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।











