Crime News: गोबरा नवापारा में नवजात शिशु को जन्म देने के बाद उसका शव नाली में फेंकने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले की शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद साक्ष्य छिपाने और पूरे मामले की जानकारी पुलिस तक नहीं पहुंचने देने में भी कुछ लोगों की भूमिका रही। जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे नवापारा रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में नवजात शिशु का शव मिला था।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि शिशु का जन्म जीवित अवस्था में हुआ था और बाद में उसकी मृत्यु हुई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच में नाबालिग युवती समेत अन्य लोगों की भूमिका उजागर
पुलिस की जांच में नवजात को जन्म देने वाली एक नाबालिग युवती और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, मामले में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने और घटना की सूचना पुलिस को नहीं देने जैसे तथ्य भी जांच में सामने आए हैं। आरोप है कि नवजात को नाली में फेंकने और घटना से जुड़ी जानकारी छिपाने में भी कुछ लोगों ने सहयोग किया। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की अलग-अलग जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।











