Cyber Fraud: बीमा पॉलिसी की जमा रकम ब्याज और लाभ के साथ वापस दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने रिसाली नगर निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी भूपति कुमार सिंह को अपना निशाना बनाया और उनसे 5 लाख 23 हजार 391 रुपए ठग लिए। आरोपितों ने पॉलिसी सरेंडर कराने और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाए और पांच बार में रकम अपने बताए बैंक खातों में जमा कराई। पीड़ित की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने रंजीत शर्मा, आरपी गुप्ता और अन्य खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
14 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी कराई थी
पुलिस के मुताबिक, दुर्ग के पुष्पक नगर निवासी भूपति कुमार सिंह ने अक्टूबर 2023 से सितंबर 2026 के बीच भागीरथी प्रसाद वर्मा और राधिका सिंह के माध्यम से अलग-अलग बीमा कंपनियों में करीब 14 लाख रुपए का बीमा कराया था। उन्हें यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए बताई गई थी। साथ ही भरोसा दिलाया गया था कि एक बार प्रीमियम जमा करने के बाद पूरी रकम लाभ सहित वापस मिल जाएगी। हालांकि, बाद में प्रीमियम का भुगतान नहीं हो सका और उनकी बीमा पॉलिसी लैप्स हो गई। इसके बाद पॉलिसी की रकम वापस पाने के लिए उन्होंने संपर्क किया।
चालान और दूसरी प्रक्रियाओं के नाम पर वसूले पैसे
शिकायत के अनुसार, 31 मार्च 2026 को रंजीत शर्मा ने भूपति कुमार सिंह को फोन कर पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया। उसने सरेंडर फॉर्म भरवाकर भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। इसके अगले दिन आरपी गुप्ता ने फोन किया। उसने रकम जारी कराने के लिए चार प्रतिशत चालान राशि जमा करने की शर्त बताई। विश्वास दिलाने के लिए व्हाट्सएप पर डीटी की एक प्रति भी भेजी गई। इसके बाद आरोपितों ने कभी चालान तो कभी अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए। इस तरह पांच बार में पीड़ित से कुल 5,23,391 रुपए जमा करा लिए गए।भुगतान नहीं मिलने पर दर्ज कराई शिकायत
पैसे जमा करने के बाद भी जब बीमा पॉलिसी की रकम वापस नहीं मिली, तब भूपति कुमार सिंह को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रंजीत शर्मा, आरपी गुप्ता समेत अन्य खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।











