KCC Scam: सेवा सहकारी समिति मर्यादित जरवाय में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। समिति में पदस्थ एक कंप्यूटर ऑपरेटर पर आरोप है कि उसने समिति प्रबंधक की जानकारी और अनुमति के बिना उनकी आधिकारिक सील का इस्तेमाल कर 42 किसानों के नाम पर फर्जी KCC चेक जारी कर दिए। इतना ही नहीं, एक अन्य किसान को तय सीमा से अधिक खाद उपलब्ध कराने के लिए भी नियम विरुद्ध चेक जारी किया गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद रानीतराई पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर पुरानिक साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस अब मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
समिति प्रबंधक की सील लगाकर जारी किए चेक
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, ग्राम बोरेंदा निवासी महेंद्र चक्रधारी (31) ने 18 नवंबर को वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख और सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी के साथ रानीतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जरवाय सहकारी समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत पुरानिक साहू ने 24 अप्रैल 2026 को समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव की जानकारी के बिना कार्यालय में रखी उनकी सील का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने सील लगाकर अपने हस्ताक्षर किए और इस तरह 42 किसानों के नाम पर KCC के चेक जारी कर दिए। इसके अलावा 25 जून 2026 को जरवाय निवासी किसान शत्रुहन लाल को भी निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियमों के विरुद्ध चेक जारी किया गया था।
कारण बताओ नोटिस के जवाब में स्वीकार की गलती
इस पूरे मामले की जानकारी सामने आने के बाद तत्कालीन समिति प्रबंधक टिकेश्वर यादव ने प्राधिकृत अधिकारी अमित श्रीवास्तव को लिखित रूप से अवगत कराया था। वहीं, ग्रामीणों ने भी संबंधित विभागीय अधिकारियों से ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत की थी। विभागीय जांच के दौरान पुरानिक साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। शिकायत में उल्लेख है कि नोटिस के जवाब में उसने 42 किसानों के KCC चेकों पर अपने हस्ताक्षर करने और शत्रुहन लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद के लिए चेक जारी करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद सहकारिता विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर समिति बोर्ड की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद पुरानिक साहू को उसकी मूल समिति केसरा वापस भेज दिया गया।
सहकारिता विभाग के निर्देश पर दर्ज हुई FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सहकारिता सतीश पाटले ने 17 नवंबर को पुलिस में FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद महेंद्र चक्रधारी की शिकायत के आधार पर रानीतराई पुलिस ने पुरानिक साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316, 318, 336(3) और 338 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस संबंधित चेक, विभागीय जांच और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले में अन्य तथ्यों और जिम्मेदारियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












