Kanpur Dehat Accident: खाटू श्याम का दर्शन कर वापस लौट रहे 2 यात्रियों की सड़क हादसे में मौत। गुरुवार 19 नवंबर सुबह श्रद्धालु यात्री से भरी स्लीपर बस ट्रक से टकरा गई। घटना कानपुर देहात में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे की है जहां करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बस में 29 यात्री और तीन बच्चे सवार थे, टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग अपनी सीटों से उछलकर घायल हो गए।
बस-ट्रक के टकराने से 2 की मौत
जानकारी के मुताबिक हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र के खोजाफूल के पास हुआ है। जहां ट्रक के पिछे चल रही बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई, यात्री मदद के लिए चिल्लाने लगे। वहां आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव के लिए जुट गये। बताया जा रहा है, कि बस में कुल 29 यात्री और तीन बच्चे सवार थे। जिनमें से हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई।
हादसे में 15 घायल, अस्पताल में भर्ती
करीब 15 लोग घायल हुए हैं, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल परिसर पहुंचाया गया, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया गया है।
बस चालक से पूछताछ कर रही पुलिस
सिकंदरा थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि कि है। घायलों का इलाज जारी है, पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।












