CG News: बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरी से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खेत में फसल को मवेशियों से बचाने के लिए लगाई गई झटका मशीन के तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेत से गुजरते समय करंट की चपेट में आई किशोरी
चकरभाठा थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के अनुसार, ग्राम कनेरी के एक किसान ने अपनी फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत में झटका मशीन लगा रखी थी। मंगलवार को गांव की रहने वाली मनिका बंजारे (15) खेत के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वह मशीन से जुड़े तार की चपेट में आ गई। करंट का तेज झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेत मालिक से पूछताछ करेगी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को भी दी है। फिलहाल खेत मालिक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम और बिजली विभाग की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। खेत मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।सूचना के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारी
इस घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि करंट से किशोरी की मौत की सूचना सबसे पहले बिजली विभाग को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। स्थानीय स्तर पर इसे विभाग की गंभीर उदासीनता के रूप में देखा जा रहा है।
पहले भी सामने आ चुका है लापरवाही का मामला
बताया जाता है कि इससे पहले कोटवार की मौत के मामले में भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। अब ग्राम कनेरी में एक और करंट से मौत की घटना सामने आने के बाद विभाग की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, मौजूदा मामले में विभागीय लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।












