CG Nursing Protest: छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आज 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के आह्वान पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत काम करने वाले नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल होंगे।
प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करना, वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना और संविदा, दैनिक वेतनभोगी व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों को नियमित करना शामिल है। संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार शासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।
21 नवंबर को नवा रायपुर में होगा बड़ा प्रदर्शन
नर्सिंग कर्मचारी संघ ने आंदोलन की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को दे दी है। विभाग की ओर से बताया गया है कि वर्ष 2018 में गठित कमेटी की सिफारिशों पर काम किया जा रहा है। हालांकि, संघ का कहना है कि केवल प्रक्रिया चलने से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। संघ ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के दो से तीन दिनों के भीतर ग्रेड पे जारी करने का आदेश नहीं आया, तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हो जाएंगे।
इसके साथ ही 21 नवंबर को प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों को नवा रायपुर के धरना स्थल पर जुटाने की तैयारी है। यहां से मुख्यमंत्री निवास के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े संघ के सदस्यों ने प्रेस वार्ता के दौरान आंदोलन और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।











