Fraud Case: रायपुर में मकान किराये पर लेने और दूसरे शहरों में संपत्तियों के संचालन के नाम पर एक महिला से 28.55 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एवेना कंपनी से जुड़े लोगों ने पहले महिला का मकान किराये पर लिया और दो महीने तक नियमित किराया देकर उसका भरोसा जीता। इसके बाद दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कराने के नाम पर निवेश करवाया। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा दिया गया, लेकिन जब महिला ने बड़ी रकम जमा कर दी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने में आनाकानी शुरू कर दी।
महिला के मकान का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया बताया गया है। शिकायत के आधार पर मुजगहन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बोरियाकला स्थित ग्रीन विले सिटी की निवासी ज्योति सोनी से जुड़ा है।
इंस्टाग्राम विज्ञापन के जरिए हुआ संपर्क
ज्योति सोनी की शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा नाम से एवेना कंपनी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में मकान किराये पर लेकर उनके ऑनलाइन संचालन का काम करने की बात कही गई थी। इसी माध्यम से महिला की बातचीत कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुई। उसने मकान किराये पर लेने और नियमित भुगतान करने का भरोसा दिलाया। शुरुआत के दो महीनों तक किराया समय पर मिलने से महिला को कंपनी पर विश्वास हो गया। इसके बाद कंपनी की ओर से मकान किराये पर देने के साथ अतिरिक्त कमाई के लिए निवेश का प्रस्ताव भी रखा गया।
सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर जमा कराए पैसे
शिकायत में बताया गया है कि कंपनी के प्रतिनिधियों ने भोपाल सहित दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने की बात कही। इसके लिए महिला से निवेश कराया गया और बदले में नियमित मुनाफा देने का भरोसा दिलाया गया। महिला ने 8 मई को 50 हजार रुपए, 11 मई को 4.50 लाख रुपए और 15 जून को 5 लाख रुपए बैंक के माध्यम से जमा किए। इस तरह शुरुआती निवेश 10 लाख रुपए तक पहुंच गया। महिला के मुताबिक, मई, जून और जुलाई में उसे निवेश पर मुनाफे की रकम भी दी गई।
छह शहरों में संपत्तियां लेने का दिया भरोसा
शुरुआती निवेश के बाद कंपनी के लोगों ने महिला को बताया कि भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में भी मकान किराये पर लेने के अवसर मिल रहे हैं। इसके लिए अतिरिक्त पूंजी की जरूरत बताई गई। महिला को भरोसा दिलाया गया कि निवेश के बदले लिखित समझौता और सुरक्षा चेक दिए जाएंगे। इस भरोसे में आकर उन्होंने अलग-अलग तारीखों पर 18.55 लाख रुपए और जमा कर दिए। इस तरह कुल रकम 28.55 लाख रुपए हो गई। ज्योति सोनी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनसे अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है। वहीं, आर्यन नाम से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अर्जुन अरोरा के रूप में बताई गई है।समझौता और चेक मांगने पर नहीं मिला जवाब
महिला के मुताबिक, जब उन्होंने निवेश से संबंधित लिखित समझौता और सुरक्षा चेक मांगे तो कंपनी के प्रतिनिधि लगातार टालमटोल करने लगे। इस पर उन्होंने अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटानी शुरू की। जांच-पड़ताल के दौरान महिला को पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने की बात कहकर उनसे पैसे लिए गए थे, उन्हें रकम नहीं पहुंचाई गई थी। इसके बाद उन्होंने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे लेनदेन सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।












