Naxal Operation: गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है, पुलिस ने हिक्केर जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा बरामद किया है। जब्त सामान में BGL लॉन्चर, ग्रेनेड, जिंदा कारतूस और डेटोनेटर सहित कई महत्वपूर्ण चीजें शामिल हैं।
पुलिस को जंगल में हथियारों का डंप छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष अभियान पथक और बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल दो राइफल, 31 जिंदा कारतूस और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
गुप्त सूचना पर पांच टुकड़ियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
गढ़चिरौली पुलिस को सूचना मिली थी कि पोस्टे गर्देवाडा क्षेत्र के अंतर्गत हिक्केर जंगल में नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान पथक गढ़चिरौली और प्राणहिता की पांच टुकड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। इनके साथ BDDS की दो टीमें भी तलाशी अभियान में शामिल हुईं। जंगल के संदिग्ध इलाकों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का डंप मिला।
BGL लॉन्चर, ग्रेनेड और कारतूस समेत क्या-क्या मिला?
तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और अन्य सामग्री जब्त की। बरामद सामान की सूची इस प्रकार है:
1 नग 12 बोर राइफल, 1 नग एयर गन राइफल, 13 नग .303 जिंदा कारतूस, 18 नग 8 एमएम जिंदा कारतूस, 3 नग ग्रेनेड, 18 नग BGL सेल, 2 नग BGL लॉन्चर, 10 नग डेटोनेटर, 21 नग सुराका सेल, 1 होंडा कंपनी का इलेक्ट्रिक जनरेटर, 22 वायर बंडल और बड़ी मात्रा में माओवादी साहित्य। पुलिस ने बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है।
सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए होता था इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक, नक्सली पहले सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और घात लगाकर हमले करने के लिए इस तरह के हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल करते रहे हैं। अंतरराज्यीय सीमा से लगे दुर्गम जंगलों का फायदा उठाकर वे ऐसी सामग्री तैयार करते थे और उसे जमीन के नीचे छिपाकर रखते थे। नक्सल सप्ताह और चुनाव जैसे मौकों पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए इनका इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती थी। ऐसे में जंगल से हथियारों और विस्फोटकों का यह डंप बरामद होना सुरक्षा बलों के अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है।











