Income Tax Raid: छत्तीसगढ़ के कारोबारी जगत में बुधवार की सुबह भारी हड़कंप के साथ हुई। आयकर विभाग (Income Tax Department) ने प्रदेश के पांच प्रमुख जिलों—रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने तड़के सुबह से ही कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े ठिकानों पर डेरा डाल दिया। अधिकारियों की इस अचानक हुई घेराबंदी से संबंधित व्यापारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
राजधानी के पॉश इलाकों से लेकर रायगढ़ तक हलचल
इस व्यापक जांच अभियान के दायरे में रायपुर और रायगढ़ स्थित 'बर्बरीक कंपनी' के ठिकाने भी आए हैं, जहां सुबह से ही आयकर अधिकारियों की टीमें दस्तावेजों को खंगालने में जुटी हैं। राजधानी रायपुर की बात करें तो विभाग की टीमों ने रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह जैसे प्रमुख इलाकों में स्थित ठिकानों पर दबिश दी है।
बही-खातों और डिजिटल रिकॉर्ड पर पैनी नजर
विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा काफी बड़ा है और इसके तार कई जिलों से जुड़े हुए हैं। मौके पर मौजूद अधिकारी संबंधित कारोबारियों के आय-व्यय के ब्योरे, कच्चे-पक्के बिल, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रहे हैं।
आधिकारिक खुलासे का इंतजार
फिलहाल आयकर विभाग की यह कार्रवाई जारी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस छापेमारी में कितनी अघोषित संपत्ति, नकदी या बेनामी निवेश के कागजात हाथ लगे हैं। इस कार्रवाई की जद में और कौन-कौन से कारोबारी समूह शामिल हैं और कुल कितने करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी गई है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद विभाग के आधिकारिक बयान से ही हो सकेगा।











