Railway Ticket Scam: त्योहारी और शादी के सीजन में कंफर्म रेलवे टिकटों के लिए यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री का मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कार्रवाई करते हुए एक बुकिंग क्लर्क, रेलवे स्टेशन के कुली और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों अलग-अलग तरीकों से आरक्षित टिकटों की कालाबाजारी कर रहे थे। RPF पोस्ट चांपा और अपराध गुप्तचर शाखा बिलासपुर की संयुक्त टीम ने 14 नवंबर को दो स्थानों पर कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 25 अवैध आरक्षित टिकट बरामद किए गए, जिनकी कीमत 1 लाख 16 हजार 128 रुपए बताई गई है। पहली कार्रवाई में बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी और बिलासपुर स्टेशन के कुली धनीराम यादव को पकड़ा गया। इनके पास से 1 लाख 3 हजार 600 रुपए मूल्य के 15 आरक्षित टिकट मिले। दूसरी कार्रवाई में ग्राम सेमरिया निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 12 हजार 528 रुपए के 10 ई-टिकट बरामद हुए। तीनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरक्षण केंद्र में पद का दुरुपयोग करने का आरोप
RPF की जांच के मुताबिक, बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में कार्यरत बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी पर अपनी तकनीकी जानकारी और विभागीय अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर टिकटों की अवैध बुकिंग करने का आरोप है। 14 नवंबर को टीम ने आरक्षण केंद्र में कार्रवाई की। तलाशी के दौरान उसके पास एक एसी आरक्षित टिकट मिला। इसके बाद मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें व्हाट्सएप चैट के जरिए 14 अन्य आरक्षित टिकटों की प्रतियां भी मिलीं। जांच में इन टिकटों की बुकिंग और बिक्री से जुड़े सुराग सामने आए।
टिकट यात्रियों तक पहुंचाने का काम करता था कुली
पूछताछ के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली नंबर 206 धनीराम यादव की भूमिका सामने आई। जांच एजेंसी के अनुसार, वह बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी के साथ मिलकर काम कर रहा था। आरोप है कि क्लर्क द्वारा तैयार किए गए टिकटों को यात्रियों तक पहुंचाने और उनके बदले निर्धारित किराये से अधिक पैसे वसूलने की जिम्मेदारी धनीराम यादव संभालता था। RPF ने दोनों को गिरफ्तार कर चांपा पोस्ट में मामला दर्ज किया है।
तत्काल टिकटों की बुकिंग में भी गड़बड़ी की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरक्षण प्रणाली तक सीधी पहुंच होने के कारण बुकिंग क्लर्क तत्काल टिकट खुलने या प्रमुख ट्रेनों में सीटें उपलब्ध होने के दौरान आम यात्रियों से पहले टिकट बुक कर लेता था। इसके लिए फर्जी या संभावित नामों का इस्तेमाल किया जाता था। बाद में इन टिकटों को जरूरतमंद यात्रियों को 300 से 500 रुपए अतिरिक्त लेकर बेचने का आरोप है। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।आधार अपडेट कराने के बहाने मोबाइल लेकर बनाई IRCTC ID
टिकटों की कालाबाजारी से जुड़ी दूसरी कार्रवाई चांपा क्षेत्र के सिलादेही भांठापारा और ग्राम सेमरिया में मिली शिकायत के आधार पर की गई। सिलादेही भांठापारा निवासी देवीलाल पटेल ने RPF पोस्ट चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि ग्राम सेमरिया निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप ने आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने उनका मोबाइल फोन लिया और बिना अनुमति उनके नाम से IRCTC की व्यक्तिगत यूजर आईडी बना ली। शिकायत के अनुसार, इस आईडी का इस्तेमाल शिक्षक अपने मोबाइल नंबर और सिस्टम के जरिए ई-टिकट बनाने तथा उनकी अवैध बिक्री के लिए कर रहा था। RPF की कार्रवाई में उसके पास से 12 हजार 528 रुपए मूल्य के 10 ई-टिकट बरामद किए गए।
टिकटों के नाम और विवरण में बदलाव का भी आरोप
जांच के दौरान टिकटों की बुकिंग और बिक्री में कई तरह की अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। आरोप है कि पहले से बुक टिकटों को जरूरत के मुताबिक रद्द कर दूसरे नाम से तत्काल टिकट बुक किए जाते थे। कुछ मामलों में मिलते-जुलते नाम और उम्र का सहारा लेकर टिकट उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। इन टिकटों की तस्वीरें व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को भेजी जाती थीं और निर्धारित किराये से अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। RPF अब बरामद टिकटों, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।












