Durg Railway Station: रेलवे प्रशासन ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों पर कार्रवाई की। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 16 ट्रेनों में की गई जांच के दौरान कुल 280 मामले सामने आए। इनसे रेलवे ने 2 लाख 9 हजार 295 रुपए का जुर्माना वसूला।
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 159 यात्री पकड़े गए। इनसे 1 लाख 42 हजार 705 रुपए की वसूली की गई। वहीं, अनियमित टिकट के साथ सफर कर रहे 87 यात्रियों से 63 हजार 90 रुपए जुर्माने के रूप में मिले। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर चल रहे 34 यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई, जिनसे 3 हजार 500 रुपए वसूले गए।
16 ट्रेनों और सभी प्लेटफॉर्म पर हुई जांच
यह विशेष अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में 19 टिकट जांच कर्मचारियों की टीम ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट लेने की अपील की है। साथ ही स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी जरूरी बताया है। यात्रियों को अपने टिकट के अनुसार निर्धारित कोच में ही सफर करने की सलाह दी गई है।रायपुर रेल मंडल में लगातार हो रही कार्रवाई
रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से अलग-अलग स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित रूप से टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों पर रोक लगाना है। इसके साथ ही यात्रियों को नियमों के अनुसार सफर करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। रेलवे ने स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में यात्रियों से सहयोग की अपील की है।











