Elephant Rescue Operation: सरगुजा संभाग में अब तक 17 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को काबू में करने के लिए वन विभाग की टीम को आखिरकार सफलता मिल गई है। छह दिनों से चल रहे अभियान के बाद बुधवार को विशेषज्ञों की टीम ने हाथी को ट्रेंकुलाइज कर दिया। बेहोश होने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब उसे सैटेलाइट रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। इससे हाथी की लोकेशन और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। दरअसल, उदयपुर क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा कबरा हाथी पिछले कुछ दिनों से 17 हाथियों के एक झुंड में शामिल हो गया था।
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले सायर बाजार के पास जंगल में उसने झुंड का नेतृत्व कर रहे दूसरे हाथी पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद कबरा झुंड का नेतृत्व करने लगा। पहले अकेले घूमने वाले इस हाथी के झुंड में शामिल होने से वन विभाग की मुश्किलें बढ़ गई थीं। विशेषज्ञों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसे बिना दूसरे हाथियों को नुकसान पहुंचाए सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज करने की थी।
झुंड में शामिल होने से अभियान में आई परेशानी
कबरा हाथी लगातार झुंड के साथ अपनी जगह बदल रहा था। इस वजह से विशेषज्ञों को उसे निशाना बनाने का सुरक्षित मौका नहीं मिल पा रहा था। मंगलवार को भी टीम ने दो कुमकी हाथियों की मदद से रामगढ़ पहाड़ी के जंगल में उसकी तलाश की। काफी देर तक ट्रैकिंग के बावजूद झुंड की मौजूदगी के कारण टीम कबरा तक नहीं पहुंच सकी। आखिरकार देर शाम अभियान रोककर टीम को वापस लौटना पड़ा। हालांकि, बुधवार को विशेषज्ञों ने दोबारा प्रयास किया और आखिरकार कबरा को ट्रेंकुलाइज करने में कामयाबी हासिल कर ली।गांवों में मुनादी, हाथियों के रास्तों पर बैरिकेडिंग
कबरा हाथी और उसके झुंड की मौजूदगी से उदयपुर क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को हाथियों के करीब नहीं जाने और उनके रास्ते में नहीं आने की सलाह दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से हाथियों के आवागमन वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग भी की जा रही है। अब कबरा को रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद उसकी लोकेशन ट्रैक करना आसान होगा, जिससे वन विभाग को आगे की निगरानी और प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।











