Gold Scam: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कम कीमत पर कच्चा सोना बेचने का लालच देकर एक ग्रामीण युवक से 20 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को सोने जैसा दिखने वाला नकली टुकड़ा दिया और बदले में नकद रकम लेकर फरार हो गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 8,500 रुपए नकद और ठगी में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा बरामद किया गया है।
कच्चा सोना बताकर युवक से लिए 20 हजार रुपए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिनोधा निवासी 19 वर्षीय उमेश कुमार वर्मा ने 17 नवंबर को भाटापारा ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उमेश ने बताया कि 16 नवंबर को गांव के राहुल यदु ने उसे फोन कर कहा कि ग्राम गोरदी का रहने वाला पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेचना चाहता है। इसके बाद पोषण ने खुद उमेश से संपर्क किया और उसे सोनबरसा के पास मिलने के लिए बुलाया। रात करीब 9 बजे तालाब के पास मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसे सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया। इसे असली सोना बताकर आरोपी ने युवक से 20 हजार रुपए नकद ले लिए। अगली सुबह उमेश ने जब उस टुकड़े को धूप में ध्यान से देखा तो उसे शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि जिसे वह सोना समझकर खरीद रहा था, वह नकली था। इसके बाद उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन रकम लौटाने के बजाय आरोपी ने उसे धमकी दी और वहां से चला गया।
पूछताछ में दूसरे आरोपी की भूमिका भी आई सामने
पीड़ित की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर पोषण गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने ग्राम सोनबरसा से दूसरे आरोपी मौसम महिलांगे को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ठगी की रकम में से 8,500 रुपए नकद और नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष) – निवासी ग्राम गोरदी,
थाना हथबंद। मौसम महिलांगे (20 वर्ष) – निवासी मिशन परसाभदेर,
थाना सिटी कोतवाली।
पुलिस की अपील
इस घटना के बाद बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि कम कीमत पर सोना या अन्य कीमती धातु बेचने का लालच देकर ठगी करने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना जांच-पड़ताल के कीमती धातु न खरीदें। पुलिस ने ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर देने की अपील की है।











