Raipur Fraud Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी और ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में रहने वाली एक महिला को साधु के वेश में आए बदमाशों ने बीमारी ठीक करने और परिवार को अनहोनी से बचाने का झांसा देकर लाखों रुपए के सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बातों के जाल में फंसाकर जीता भरोसा
घटना मार्च 2026 की है। जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी नैना परमार के घर के आसपास साधु के भेष में तीन अज्ञात व्यक्ति पहुंचे। बातचीत के दौरान ठगों ने महिला की आंखों की तकलीफ और बीमारी का ऐसा जिक्र किया, जिससे महिला को लगा कि इन साधुओं के पास वाकई कोई दैवीय सिद्धि है। महिला का भरोसा जीतते ही ठगों ने विशेष पूजा कराने की सलाह दी। शुरुआत में उन्होंने पूजा के नाम पर लगभग 3 ग्राम की सोने की अंगूठी और 9,000 रुपये नकद लिए। ठगों ने दावा किया कि पूजा पूरी होते ही सारा सामान सुरक्षित लौटा दिया जाएगा।
हर 10-12 दिन में आते और ले जाते जेवर
पहली बार में सफलता मिलने के बाद ठगों ने महिला को अपना मोबाइल नंबर दे दिया और लगातार संपर्क में रहे। करीब 10-12 दिन बाद वे दोबारा महिला के घर पहुंचे और पूजा को आगे बढ़ाने के नाम पर 5 ग्राम की सोने की चेन ले ली। इसके बाद यह सिलसिला लगातार चलता रहा। आरोपी हर दूसरे हफ्ते महिला के घर आते और नई-नई पूजा का बहाना बनाकर गहने मांगते रहे। इस तरह करीब 7 बार में ठगों ने महिला से सोने की अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन मिलाकर कुल 150 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण ऐंठ लिए।
अकाल मृत्यु' की धमकी देकर साधी चुप्पी
ठगों ने महिला पर मानसिक दबाव बनाने के लिए खौफ का सहारा लिया। उन्होंने महिला को डराया कि अगर उसने इस पूजा या गहने देने के बारे में पति या परिवार के किसी भी सदस्य को बताया, तो घर में किसी की अकाल मृत्यु हो सकती है या कोई बड़ा हादसा हो जाएगा। अनहोनी के इसी डर की वजह से महिला महीनों तक घुटती रही और उसने अपने पति को कुछ नहीं बताया।जब गहने खत्म हुए, तो खुलने लगी पोल
सितंबर महीने की शुरुआत तक महिला के पास देने के लिए कोई जेवर नहीं बचे थे। 7 सितंबर से आरोपियों ने दोबारा फोन कर गहने और नकदी की मांग शुरू कर दी। महिला द्वारा मना किए जाने के बावजूद वे लगातार फोन कर दबाव बनाते रहे। आखिरकार 25 सितंबर की रात जब महिला के पति जसवंत परमार घर लौटे, तो महिला अपने डर पर काबू न रख सकी और रोते हुए पूरी आपबीती सुना दी। सच्चाई सामने आते ही पति तुरंत नैना को लेकर गंज थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
गंज थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस मोबाइल नंबर से पीड़िता को फोन आते थे, उसे सर्विलांस पर ले लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साधु का भेष धरकर ठगी करने वाले इस गिरोह की शिनाख्त और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

