नेताओं और अफसरों से करीबी का दिखावा कर बनाता था भरोसा
जांच में अब तक सामने आए मामलों के मुताबिक, दीपक टंडन लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए प्रभावशाली नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी होने का दावा करता था। इसी पहचान का हवाला देकर वह लोगों को सरकारी विभागों में काम कराने, कोयला खदानों में ठेका दिलाने और जमीन व होटल कारोबार में मुनाफा दिलाने जैसे प्रस्ताव देता था। शुरुआत में बड़े फायदे का भरोसा दिलाकर वह लोगों से लाखों रुपए लेता था। आरोप है कि जब वादा पूरा नहीं होता और लोग अपनी रकम वापस मांगते, तो उन्हें टालने के साथ धमकाया भी जाता था।
घर और होटल से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त जांच
पुलिस दीपक टंडन के घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। इस दौरान दीपक और बरखा के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सीडी सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस इन उपकरणों की जांच के जरिए डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि ठगी से हासिल करोड़ों रुपए कहां खर्च किए गए और रकम किन लोगों तक पहुंची। इसके अलावा पुलिस बैंक खातों, संदिग्ध दस्तावेजों, संभावित बेनामी संपत्तियों और दीपक के संपर्क में रहने वाले लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पूछताछ में सहयोगियों के नाम सामने आने की जानकारी
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दीपक टंडन ने ठगी के नेटवर्क से जुड़े कुछ लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस अब इन लोगों के संपर्क, भूमिका और वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। दीपक को 19 नवंबर को अदालत में फिर पेश किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों से भी रकम लेने का आरोप
इस मामले में पुलिस अधिकारियों से जुड़ा एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि अच्छी पोस्टिंग दिलाने का झांसा देकर दीपक टंडन ने चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और टीआई समेत कई पुलिस अधिकारियों से पैसे लिए थे। आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कुछ अधिकारियों ने मनचाही पोस्टिंग पाने की उम्मीद में उसे रकम दी थी। हालांकि, पोस्टिंग नहीं मिलने के बाद जब अधिकारियों ने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें भी टालमटोल का सामना करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, एक एएसपी ने दबाव बनाकर अपनी रकम वापस ले ली, जबकि तीन अन्य अधिकारियों के पैसे फंसे रह गए। यह दावा भी किया जा रहा है कि रकम की वसूली के सिलसिले में कुछ अधिकारी बाद में उसका होटल संचालित करने लगे थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों से पैसे लेने और होटल संचालन से जुड़े इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।












