Crime News: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल के जरिए भ्रामक खबरें प्रसारित करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तस्वीरों में बदलाव कर उन्हें आपत्तिजनक और गलत संदर्भ में पेश करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई शिकायत से हुई। मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि एक न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। शिकायत में यह भी कहा गया था कि AI तकनीक से तस्वीरों को बदलकर इस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की छवि खराब हो सकती है।
मोबाइल फोन से मिले फोटो वीडियो और ऑडियो क्लिप
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची। यहां रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस का दावा है कि जब्त मोबाइल फोन की जांच में संबंधित न्यूज पोर्टल से जुड़ी कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। फिलहाल इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रामक सामग्री किस तरह तैयार की गई और उसे किन माध्यमों से प्रसारित किया गया।
अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











