Land Fraud Case: जमीन बिक्री का इकरारनामा कर 5 लाख रुपये ऐंठने और बाद में वही जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है। पीड़िता से धोखा खाने के बाद पीड़ित शिक्षक ने सरायपाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता कार्तिकराम पटेल (61 वर्ष), जो पेशे से शिक्षक हैं और ग्राम गिरसा के निवासी हैं, ने पुलिस को दी आवेदन में बताया कि ग्राम बरिहापाली की रहने वाली रूखमणी चौधरी ने ग्राम केंदुवा स्थित अपनी जमीन (प.ह.नं. 06, खसरा नंबर 124, रकबा 0.2000 हेक्टेयर) को 36.11 लाख रुपए प्रति एकड़ की दर से बेचने का सौदा तय किया था। यह सौदा गवाहों तेज कुमार पटेल और सावित्री चौधरी की मौजूदगी में हुआ था।
लिखित तैयार कराया था इकरारनामा
पीड़ित शिक्षक के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को सरायपाली स्थित एक टाइपिंग सेंटर में 1.82 लाख रुपए बयाना देकर लिखित इकरारनामा तैयार कराया गया। इसके बाद 25 फरवरी 2026 को 1 लाख रुपए और 7 मार्च 2026 को 2.18 लाख रुपए यानी कुल मिलाकर 5 लाख रुपए रूखमणी चौधरी को दिए गए।
पैसा वापस मांगने पर टालमटोल
पूरी राशि और बयाना मिलने के बाद जब भी शिक्षक ने जमीन की रजिस्ट्री कराने या रुपए वापस मांगने की बात कही, तो आरोपी महिला लगातार टालमटोल करती रही। कुछ समय बाद पीड़ित को जानकारी मिली कि रूखमणी चौधरी ने वही जमीन ग्राम केंदुवा निवासी चुम्मन पटेल को बेच दी है और शिक्षक के 5 लाख रुपए भी डकार लिए।
थाना प्रभारी को शिकायत सौंपी
अधिक मुनाफा कमाने और धोखाधड़ी की नीयत से किए गए इस सौदे को लेकर पीड़ित ने सरायपाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। आवेदन के साथ इकरारनामा की मूल प्रति, चुम्मन पटेल के नाम हुई रजिस्ट्री की छायाप्रति, वकील के माध्यम से भेजा गया नोटिस और जारी इश्तहार की कॉपी संलग्न की गई है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

