Police Job Fraud: सरकारी नौकरी की चाहत और अपनों के लिए कुछ कर गुजरने की उम्मीद कभी-कभी जिंदगी की जमा-पूंजी दांव पर लगा देती है। देवास में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग में भर्ती कराने के नाम पर एक महिला टेलर से 10 लाख 60 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। शातिर ठगों ने भरोसे का फायदा उठाकर महिला के व्हाट्सएप पर फर्जी जॉइनिंग लेटर तक भेज दिया। पुलिस ने अब दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहचान से बना भरोसा, फिर बिछाया जाल
विश्वकर्मा नगर में रहने वाली अर्चना कुमावत उज्जैन रोड पर ब्लाउज सिलाई की दुकान चलाती हैं। दुकान पर कपड़े सिलवाने आने वाली मिश्रीलाल नगर की रहने वाली नीतू कुमावत से उनकी बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे दोनों के बीच पहचान बढ़ गई। 3 सितंबर 2023 को अर्चना ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन उनके अंक उम्मीद से कम आए। अर्चना ने यह बात नीतू से साझा की। नीतू ने मौका भांपते हुए अर्चना को झांसे में लिया और दावा किया कि उसका पति नरेंद्र कुमावत पुलिस विभाग में जान-पहचान के दम पर उसे पास करवाकर नौकरी दिलवा सकता है।
व्हाट्सएप पर आया फर्जी ASI जॉइनिंग लेटर
5 सितंबर 2023 को नीतू अपने पति नरेंद्र के साथ अर्चना की दुकान पर पहुंची। नरेंद्र ने पीड़िता का भरोसा जीतने के लिए उसके व्हाट्सएप पर मंदसौर जिले में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) पद का एक जॉइनिंग लेटर भेज दिया। पत्र देखते ही पीड़िता और उसके परिवार को आरोपी की बातों पर पूरा यकीन हो गया। सरकारी नौकरी पाने की आस में परिवार ने रिश्तेदारों से उधार और कर्ज लेकर कुल 10 लाख 50 हजार रुपये नकद दिए, जबकि 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
वेरिफिकेशन का बहाना और फरार आरोपी
रकम ऐंठने के बाद जब जॉइनिंग की तारीख आई, तो आरोपी तीन महीने तक यह कहकर पीड़िता को टालते रहे कि भोपाल में वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। काफी समय बीत जाने के बाद जब अर्चना को अनहोनी का संदेह हुआ, तो वह अपने परिजनों के साथ नरेंद्र के किराए के मकान पर पहुंचीं और अपने पैसे वापस मांगे। उस वक्त नरेंद्र ने एक महीने के भीतर पूरी रकम लौटाने का वादा किया। हालांकि, जब मियाद पूरी होने पर अर्चना दोबारा वहां पहुंचीं, तो पैरों तले जमीन खिसक गई—आरोपी अपना मकान खाली करके रातारात फरार हो चुके थे।
पुलिस कार्रवाई:
सिविल लाइन थाना प्रभारी (TI) विजयसिंह लोधी ने बताया कि पीड़िता अर्चना कुमावत की शिकायत पर आरोपी नीतू कुमावत और उसके पति नरेंद्र कुमावत के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।







