Crime News: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के चुनकट्टा गांव से एक बेहद हैरान करने और इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बकरी पालने के मामूली विवाद पर एक शख्स ने ऐसी खूनी खेल खेला कि 52 साल की महिला की जान चली गई। आरोपी ने समाज की तथाकथित रूढ़ियों का हवाला देकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है।
बकरी पालन को लेकर था पुराना विरोध
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका कुमारी बाई साहू अपने परिवार का गुजारा चलाने के लिए बकरियां पालती थीं। लेकिन गांव का ही रहने वाला अर्जुन साहू इस बात का लगातार विरोध कर रहा था। आरोपी का अजीब तर्क था कि साहू समाज में बकरी पालन नहीं किया जाना चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार तनातनी और कहासुनी हो चुकी थी।
गुस्से में आकर डंडे से किया जानलेवा हमला
गुरुवार की देर शाम एक बार फिर इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अर्जुन अपना आपा खो बैठा। गुस्से में अंधा होकर उसने लाठी-डंडों से कुमारी बाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हमला इतना भयानक था कि महिला लहूलुहान होकर मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं।
यह भी पढ़ेंRiver Incident: खारून नदी में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, तांदुला नहर में युवक लापताअस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल महिला को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। सिर पर गहरी चोटें लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों की टीम उन्हें बचा नहीं पाई और शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में अजीत साहू की शिकायत पर उतई थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन साहू को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस इस सनसनीखेज मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस विवाद में और कौन-कौन शामिल था।






