Food Safety Campaign: रायगढ़ जिले में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का नाम ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ रखा गया है। इसके तहत शहर के होटल, ढाबे, डेयरी, बेकरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अभियान के पहले दिन ही जांच के दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं सामने आईं।
एसपी कार्यालय के पास स्थित हॉट चिप्स में एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने पर विभाग की टीम ने करीब 30 लीटर पुराना तेल फिंकवा दिया। इसके अलावा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। सोमवार को विभागीय टीम ने शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का जायजा लिया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां संचालकों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
होटलों से पनीर और मिक्स वेज के नमूने लिए
जांच अभियान की शुरुआत रेलवे स्टेशन रोड स्थित अपनी रसोई के पास से हुई। यहां से पनीर और मिक्स वेज के सैंपल लिए गए। इसके बाद टीम इशान और साईं श्रद्धा होटल पहुंची। निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री अलग-अलग नहीं रखने, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं होने और पन्नी से संबंधित जांच में कमियां सामने आईं। विभाग ने इन खामियों को लेकर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की है। एसपी कार्यालय के पास स्थित हॉट चिप्स में इस्तेमाल किए गए तेल को बार-बार उपयोग में लेने का मामला मिला। इस पर कार्रवाई करते हुए करीब 30 लीटर तेल नष्ट कराया गया। टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए। इसके बाद पंजाबी भोजनालय और जलाराम नमकीन की जांच की गई। दोनों प्रतिष्ठानों को पानी की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बेकरी और डेयरी उत्पादों के भी लिए गए सैंपल
जांच के दौरान पंजाब नेशनल होटल से चावल और दाल के नमूने लिए गए। वहीं, जूटमिल स्थित आरबी बेकर्स से कुकीज और बिस्किट के सैंपल एकत्र किए गए। सुश्री होटल में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई। जूटमिल स्थित गणेश डेयरी में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने यहां से बूंदी लड्डू, पनीर, पेड़ा और कलाकंद के नमूने जांच के लिए लिए। साथ ही डेयरी संचालक को व्यवस्थाओं में सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया।खाद्य लाइसेंस और साफ-सफाई पर विशेष जोर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी। खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा में करने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री रखने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि खाद्य कारोबार करने वाले सभी प्रतिष्ठानों के पास जरूरी खाद्य लाइसेंस या पंजीयन होना अनिवार्य है। अभियान के जरिए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ दुकानों और होटलों में स्वच्छता व्यवस्था की भी निगरानी की जा रही है।












