Cattle Smuggling: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चांदो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सामरी की ओर से पिकअप में भरकर झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे छह भैंसों को पुलिस ने पकड़ा। इनमें से एक भैंस की दम घुटने से मौत हो चुकी थी, जबकि पांच जीवित भैंसों को सुरक्षित बचा लिया गया। मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप के साथ आगे चल रही अर्टिगा कार को भी जब्त किया है। पूछताछ के दौरान इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की सुबह सूचना मिली थी कि कुछ लोग सामरी की ओर से पिकअप में भैंसों को भरकर झारखंड के बूचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना पर चांदो थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार नेताम ने पुलिस टीम के साथ चांदो-सामरी मार्ग पर ग्राम मगाजी के कंठीघाट तीनमोड़वा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को पिकअप क्रमांक जेएच 03 एजे 8202 दिखाई दी। पुलिस को देखकर पिकअप में सवार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए। वहीं आगे चल रही अर्टिगा कार क्रमांक सीजी 16 सीआर 1658 को पुलिस ने रोक लिया। कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान नौसाद अंसारी (25), निवासी मानपुर, थाना रंका और समसीर अंसारी (21), निवासी मोमीनपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
पिकअप में ठूंसकर भरी थीं छह भैंसें
जब पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें छह भैंसें मिलीं। सभी को बेहद कम जगह में ठूंसकर रखा गया था। दम घुटने के कारण एक भैंस की मौत हो चुकी थी, जबकि पांच भैंस जीवित थीं। पुलिस ने जीवित भैंसों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया।
पायलटिंग कार से पुलिस की गतिविधियों पर रखते थे नजर
बलरामपुर जिले की सीमाएं झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से जुड़ी हुई हैं। इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर मवेशी तस्करी करने वाले गिरोह लंबे समय से सक्रिय बताए जाते हैं। आरोप है कि गिरोह के लोग ग्रामीण इलाकों से कम कीमत पर मवेशी खरीदते हैं और रात के समय पिकअप जैसे वाहनों में भरकर दूसरे राज्यों के बूचड़खानों तक पहुंचाते हैं। तस्करी के दौरान आगे चलने वाली पायलटिंग गाड़ी के जरिए रास्ते में पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। इस मामले में भी पिकअप से आगे अर्टिगा कार चल रही थी, जिसका इस्तेमाल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किया जा रहा था।पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
चांदो पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने पिकअप और अर्टिगा कार जब्त कर ली है। वहीं फरार पिकअप चालक और उसके साथी की तलाश जारी है। पूछताछ में सामने आए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए भी पुलिस जांच कर रही है।












