Cyber Crime: व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण कार्ड भेजकर साइबर ठगी करने के मामले में जांजगीर साइबर पुलिस ने केरल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी के कार्ड के नाम पर एपीके फाइल भेजकर पीड़ित का मोबाइल हैक किया और उसके एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए थे।
पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल से मिले बैंक खाते के विवरण के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद टीम ने केरल के मलप्पुरम जिले में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त करने और बाद में उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है।
शादी के निमंत्रण के नाम पर भेजी थी फर्जी फाइल
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत को 6 जून 2026 को व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई थी। उन्होंने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल फोन साइबर ठगों के नियंत्रण में आ गया। इसके बाद मोबाइल से जुड़े एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने के बाद पीड़ित ने साइबर पुलिस से शिकायत की। मामले में साइबर थाना जांजगीर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खाते के जरिए केरल तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से उस बैंक खाते की जानकारी मिली, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मलप्पुरम (केरल) की पहचान की। पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पीड़ित से ठगी गई 98 हजार रुपए की रकम अपने खाते में आने और बैंक से निकालकर घरेलू जरूरतों पर खर्च करने की बात कबूल की। जांच में आरोपी के बैंक खाते में 21 हजार रुपए की एक अन्य संदिग्ध राशि का भी पता चला है। इस रकम को लेकर गुजरात से एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मोबाइल जब्त, बैंक खाता कराया सीज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और संबंधित बैंक खाते को सीज कराया। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया। यहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
साइबर पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण, मोटर चालान या सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आने वाली अनजान एपीके फाइल डाउनलोड न करें। किसी परिचित के नंबर से भी ऐसी फाइल आए तो पहले फोन करके उसकी पुष्टि जरूर कर लें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और शिकायत दर्ज कराएं।












