Theft Case: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के गोधनपुर इलाके में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात में एक शिक्षक और एक व्यापारी का परिवार प्रभावित हुआ है। दोनों घरों से चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 18 से 20 लाख रुपए आंकी जा रही है।
छठ पूजा के लिए घाट गए थे परिवार, पीछे से हो गई चोरी
मिली जानकारी के मुताबिक, चोरी की घटना शाम करीब 5 बजे की है। शिक्षक मनोज सिंह और उनके पड़ोसी संजय सिंह का परिवार छठ पूजा के लिए घाट गया हुआ था। घरों में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सबसे पहले दोनों मकानों के मुख्य दरवाजों पर लगे ताले तोड़े और फिर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर रखी तीन अलमारियों के लॉक तोड़कर उनमें रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि संजय सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए पहले से ही जेवर खरीदकर घर में रखे थे। चोर उन गहनों को भी अपने साथ ले गए। इस घटना से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
रात में घर लौटे तो टूटे मिले ताले
छठ घाट से पूजा कर परिवार जब रात में वापस लौटा तो दोनों घरों के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारियों से नकदी व जेवर गायब थे। इसके बाद परिवारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने दोनों मकानों का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल की। हालांकि, फिलहाल चोरों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।गोधनपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
एक ही इलाके में दो मकानों में लाखों रुपए की चोरी होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शाम के समय रिहायशी इलाके में इस तरह चोरी की घटना होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय निवासियों ने गोधनपुर चौक के आसपास अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी उठाया है। उनका आरोप है कि इलाके में कुछ ठेले और गुमटियों के माध्यम से शराब बेची जाती है। शराब बेचने वाले झाड़ियों में शराब छिपाकर रखते हैं, जहां से लोग उसे खरीदकर आसपास ही सेवन करते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि शाम होते ही इस इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मकानों में हुई चोरी की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है और चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी हो पाती है या नहीं। स्थानीय लोगों ने इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।












