Dhamtari News: इन दिनों धान की कटाई और मिंजाई का काम तेजी से चल रहा है। खेतों में किसान फसल समेटने में जुटे हैं, लेकिन इस दौरान आंखों की सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही गंभीर समस्या बनती जा रही है। धान की बालियों और सूखे तिनकों से आंखों में चोट लगने के बाद संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। स्थिति यह है कि जिले में अब तक 49 लोग आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं। इनमें 14 मरीज ऐसे हैं, जिनकी दोनों आंखों की रोशनी चली गई, जबकि 35 लोगों की एक आंख प्रभावित हुई है। संक्रमण गंभीर होने पर दो मरीजों की एक-एक आंख निकालनी पड़ी है।
कुरूद और नगरी ब्लॉक में सबसे ज्यादा मामले
जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में सामने आए आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। यहां आंखों में संक्रमण और रोशनी कम होने की शिकायत लेकर लगातार मरीज पहुंच रहे हैं। प्रभावित मरीजों की संख्या के मामले में कुरूद और नगरी ब्लॉक सबसे आगे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, कुरूद ब्लॉक में 10 लोग दोनों आंखों की रोशनी गंवा चुके हैं, जबकि 13 मरीजों की एक आंख की रोशनी चली गई है। वहीं नगरी ब्लॉक में 17 ऐसे मरीज सामने आए हैं, जिन्होंने एक आंख की रोशनी खो दी है। जिले के मगरलोड, कुरूद, गुजरा और धमतरी क्षेत्र में भी इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं।
आंख मलने और बिना सलाह ड्रॉप डालने से बढ़ रहा संक्रमण
डॉक्टरों के मुताबिक, धान की कटाई और मिंजाई के दौरान उड़ने वाली बालियां या सूखे तिनके आंखों में चले जाते हैं। ऐसी स्थिति में कई लोग घबराकर आंखों को जोर-जोर से मलने लगते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर संक्रमण की वजह बन सकती है।
आंख मलने से कॉर्निया यानी आंख की पारदर्शी पुतली पर खरोंच या गहरा घाव हो सकता है। इसके बाद संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। परेशानी होने पर कुछ लोग विशेषज्ञ डॉक्टर के पास जाने के बजाय मेडिकल स्टोर से खुद ही आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं। खासकर बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरॉयड आई ड्रॉप डालना बेहद नुकसानदायक हो सकता है। इससे फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। समय पर सही इलाज नहीं मिलने पर कॉर्निया को इतना नुकसान पहुंच सकता है कि आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली जाए। चिकित्सा की भाषा में इसे कॉर्नियल ब्लाइंडनेस यानी कॉर्निया से जुड़ा अंधापन कहा जाता है।
धान कटाई और मिंजाई के दौरान इन सावधानियों का रखें ध्यान
आंखों को गंभीर संक्रमण और चोट से बचाने के लिए डॉक्टरों ने किसानों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
सुरक्षात्मक चश्मा पहनें: धान की कटाई और मिंजाई करते समय आंखों को ढकने वाला सुरक्षा चश्मा जरूर लगाएं। इससे उड़ते तिनकों और बालियों से बचाव होगा।
आंखों को न मलें: आंख में कुछ चले जाने पर हाथ से रगड़ने की गलती न करें। इससे कॉर्निया पर चोट लग सकती है।
साफ पानी से धोएं: आंख में धूल या हल्का बाहरी कण जाने पर साफ पानी से हल्के छींटे मारें। तेज दर्द या कुछ फंसे रहने का एहसास होने पर खुद निकालने की कोशिश न करें।
बिना सलाह आई ड्रॉप न डालें: मेडिकल स्टोर से अपनी मर्जी से कोई भी आई ड्रॉप, विशेषकर स्टेरॉयड ड्रॉप्स न खरीदें।
लक्षण दिखने पर डॉक्टर से मिलें: आंख में दर्द, लालिमा, पानी आना, धुंधला दिखना या रोशनी कम होने की शिकायत हो तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से जांच कराएं।
धान की कटाई किसानों के लिए सालभर की मेहनत का अहम पड़ाव है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही आंखों की रोशनी पर भारी पड़ सकती है। इसलिए खेतों में काम करते समय फसल के साथ अपनी आंखों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखना जरूरी है।












