Ganja Smuggling: 131 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Ganja Smuggling: धमतरी पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 131.668 किलो गांजे के साथ पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो लग्जरी कारों समेत 72 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Ganja Smuggling: धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे पांच आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से 131 किलोग्राम से अधिक का
अवैध गांजा और दो लग्जरी कारों समेत 72 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 15 नवंबर को एक पुख्ता मुखबिर सूचना मिली थी कि ओडिशा के जयपुर इलाके से चारामा के रास्ते महाराष्ट्र की ओर दो कारों में भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस हरकत में आ गई और शहर की सीमा से लगे ग्राम श्यामतराई जांच नाका के पास तुरंत घेराबंदी कर दी गई। कुछ ही देर में बताए गए हुलिए की दोनों संदिग्ध कारें वहां पहुंचीं, जिन्हें पुलिस ने रोककर नियमों के तहत तलाशी ली।
दो कारों से बरामद हुआ 131 किलो से ज्यादा गांजा
गाड़ियों की सघन तलाशी के दौरान पुलिस के भी होश उड़ गए, क्योंकि दोनों कारों से कुल 131.668 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा, परिवहन में इस्तेमाल की गई दोनों कारें और अन्य सामान मौके पर ही जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27 वर्ष) – निवासी मलकापुर वागुढ़, जिला बुलढाना, महाराष्ट्र
रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31 वर्ष) – निवासी संभाजीनगर हाईवे रोड, जलगांव, महाराष्ट्र
राबिनसन लारेंस फर्नांडिस (32 वर्ष) – निवासी वेललाडे, जलगांव, महाराष्ट्र
लखन गुलाब बेलदार (34 वर्ष) – निवासी वेललाडे, जलगांव, महाराष्ट्र
गणेश विजय पाटिल (29 वर्ष) – निवासी वेललाडे, जलगांव, महाराष्ट्र
अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। शुरुआती पूछताछ के बाद अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि यह
गांजा ओडिशा में किससे खरीदा गया था और इसे महाराष्ट्र में किसे सप्लाई किया जाना था। इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, उनके नाम भी जल्द सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े हर एक शख्स को बेनकाब कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।