Ganja Seized: NH-53 पर ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा खपाने आ रहा तस्कर गांजे के साथ गिरफ्तार
Ganja Seized: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने नेशनल हाईवे-53 पर कार्रवाई करते हुए 5.290 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत 2 लाख 64 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने ओडिशा निवासी 45 वर्षीय आरोपी मनोज कुमार नाइक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर में बेचने की तैयारी की बात स्वीकार की। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।
Ganja Seized: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा की ओर से आ रहे एक तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के पास से दो अलग-अलग पैकेटों में भरा 5.290 किलोग्राम अवैध
मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (प्रउनि) मयंक कश्यप अपनी टीम के साथ हाईवे पेट्रोलिंग वाहन (CG03A5139) में विवेचना किट लेकर ग्राम मुरमुरी की तरफ गश्त और जुर्म पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान
मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति कपड़े के थैले में अवैध गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की तरफ जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन सरायपाली के एसडीओपी (SDOP) को दूरभाष पर सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चौक के पास घेराबंदी की।
पूछताछ में खुला, रायपुर खपाने की थी तैयारी
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दो कपड़ों के थैलों के साथ दबोच लिया। मौके पर स्वतंत्र गवाहों (परस नवरंग और सुनील मोहन सोना) को बुलाकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत पूरी कार्रवाई की गई। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम मनोज कुमार नाइक (पिता धनु नाइक, उम्र 45 वर्ष), निवासी पनामुढा, थाना मोहना, जिला गजपति (ओडिशा) बताया। शुरुआती दौर में वह पुलिस को गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि वह यह गांजा ओडिशा के गजपति से लाकर छत्तीसगढ़ के रायपुर में बेचने की फिराक में था।
तौल और जब्ती की कार्रवाई
मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन मंगवाकर गवाहों के समक्ष पकड़े गए गांजे का वजन कराया गया:
पहला थैला: खाकी रंग के टेप से पैक, वजन 3.220 किलोग्राम (कीमत ₹1,61,000)
दूसरा थैला: खाकी रंग के टेप से पैक, वजन 2.070 किलोग्राम (कीमत ₹1,03,500)
कुल 5.290 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹2,64,500) के अलावा आरोपी के पास से एक वीवो (Vivo) मोबाइल, जियो सिम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े नोटिस दस्तावेज बरामद किए गए। कुल जप्ती की कीमत ₹2,70,500 आंकी गई है। खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई, तौल और वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी के डिजिटल साक्ष्य 'ई-साक्ष्य' एप्लीकेशन पर भी दर्ज किए गए।
गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
आरोपी मनोज कुमार नाइक का कृत्य नारकोटिक्स एक्ट के दायरे में आने पर पुलिस ने उसे धारा 52(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उसके परिजनों को मोबाइल के जरिए गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। सिंघोड़ा पुलिस इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुट गई है कि यह खेप आखिरकार किसे डिलीवर होनी थी। यह रिपोर्ट स्थानीय सिंघोड़ा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 0/2026, धारा 20(B)ii(B) नारकोटिक एक्ट के तहत दर्ज विवरण पर आधारित है।