Cattle Smuggling: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी का मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा ले जाए जा रहे 6 गौवंश को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मवेशियों को बिना किसी वैध दस्तावेज के ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जिले में मवेशियों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन शंखनाद चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बांधापारा मार्ग से एक व्यक्ति मवेशियों को भूखे-प्यासे और क्रूरतापूर्वक ओडिशा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनकितन यादव (19), निवासी ग्राम सिहारधार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सभी 6 मवेशियों को अपने संरक्षण में लिया है।
पूछताछ में सामने आई अवैध परिवहन की बात
पुलिस ने जब आरोपी से मवेशियों को ले जाने के संबंध में पूछताछ की, तो वह शुरुआत में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर भी वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर पाया। पुलिस का कहना है कि थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने मवेशियों को अवैध तरीके से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाने की जानकारी दी। इसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के साथ पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।लैलूंगा, छाल और धरमजयगढ़ के रास्तों पर नजर
पुलिस के अनुसार, रायगढ़ और आसपास के जिलों से मवेशियों को ओडिशा और झारखंड ले जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। तस्करी के लिए लैलूंगा, छाल और धरमजयगढ़ क्षेत्र के रास्तों का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है। इससे पहले भी लैलूंगा थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन में मवेशियों को ठूंसकर झारखंड और ओडिशा ले जाने का मामला सामने आया था। उस कार्रवाई में पुलिस ने मवेशियों और पिकअप वाहन सहित करीब 11 लाख 4 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस मवेशियों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज कर रही है।






