CG Rajyotsav: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अपने प्रवास के दौरान वे राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में आयोजित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान अस्पताल के लोकार्पण के साथ विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। अमित शाह के रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ की धरती पर उनका अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति उनका स्नेह और सहयोग छत्तीसगढ़ की शांति, सुरक्षा एवं विकास के संकल्प को मजबूती देता है।
निजी अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में होंगे शामिल
रायपुर एयरपोर्ट से केंद्रीय गृह मंत्री सीधे पंडरी स्थित मंडी रोड के एक निजी अस्पताल पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे।
विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे उद्घाटन
अमित शाह शाम करीब 5:30 बजे पीपल वन पहुंचेंगे। यहां शाम 5:35 से 5:45 बजे के बीच विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम के बाद वे राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे। राज्योत्सव के समापन समारोह में रहेंगे मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 का समापन समारोह मंगलवार शाम नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह का समय शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान वे महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी करेंगे। इससे योजना की लाभार्थी महिलाओं को अगली किस्त का लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।
रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना राज्योत्सव कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह रात करीब 8 बजे सड़क मार्ग से रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 8:20 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।






