CG Patwari RI Paper Leak Case: दिल्ली से भिंड के दो सगे भाई गिरफ्तार, 8 दिन की EOW रिमांड पर
CG Patwari RI Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ के पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) विभागीय परीक्षा-2024 पेपर लीक मामले में EOW ने मध्य प्रदेश के भिंड निवासी दो सगे भाइयों अरविंद जाटव और वीर सिंह जाटव को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को विशेष अदालत ने 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक कर अभ्यर्थियों को पैसे लेकर उपलब्ध कराने का आरोप सामने आया है।
CG Patwari RI Paper Leak Case: छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) विभागीय परीक्षा-2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में ईओडब्ल्यू (EOW) को एक और बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने इस मामले के तार मध्य प्रदेश तक तलाशते हुए भिंड जिले के
दो सगे भाइयों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे रैकेट की परतें तेजी से खुल रही हैं।
दिल्ली से हुई गिरफ्तारी, 8 दिन की रिमांड पर
ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान अरविंद जाटव (41) और उनके छोटे भाई वीर सिंह जाटव (35) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घना की गड़िया के रहने वाले हैं। सोमवार को ईओडब्ल्यू की विशेष टीम दोनों को
ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर पहुंची और उन्हें विशेष अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब रिमांड के दौरान एजेंसी इनसे पूछताछ कर और भी कई अहम खुलासे करने की तैयारी में है।
मोटी रकम वसूलकर लीक किया था पेपर
जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों भाइयों ने परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र लीक कर इसे कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों तक पहुंचाया था। इसके एवज में अभ्यर्थियों से भारी-भरकम रकम वसूली गई थी। ईओडब्ल्यू-एसीबी की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, इन दोनों ने प्रश्नपत्र मुद्रण (प्रिंटिंग) समिति से जुड़े एक अन्य सह-आरोपी वीरेंद्र जाटव के साथ मिलकर गहरी साजिश रची थी। परीक्षा की गोपनीयता को ताक पर रखकर न सिर्फ समय से पहले पेपर लीक किया गया, बल्कि लीक हुए इस प्रश्नपत्र से उम्मीदवारों को पढ़ाने और रटाने के लिए खास तौर पर एक ठिकाना भी उपलब्ध कराया गया था।
ऐसे खुला था पूरा फर्जीवाड़ा
गौरतलब है कि आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा राजस्व निरीक्षक के पदों पर पदोन्नति के लिए यह विभागीय परीक्षा 7 जनवरी 2024 को आयोजित की गई थी, जिसके परिणामों के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। हालांकि, परीक्षा संपंन होने के बाद इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आने लगीं। मामाला तूल पकड़ने पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी उच्चस्तरीय जांच बैठाई। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने पूरे मामले को विधिवत जांच के लिए ईओडब्ल्यू-एसीबी को सौंप दिया था। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर अब इस पूरे षड्यंत्र की गहराई से थाह ली जा रही है।
आगे क्या खंगाल रही है एजेंसी?
ईओडब्ल्यू अब रिमांड पर लिए गए दोनों भाइयों से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि:
प्रश्नपत्र लीक करने की उनकी असल तकनीक या जरिया क्या था?
यह पेपर आखिरकार मुद्रण स्थल से बाहर कैसे और किसके जरिए निकला?
पैसों का लेन-देन किस माध्यम से और किन-किन खातों में हुआ?
इस पूरे सिंडिकेट में और कौन-कौन से बड़े चेहरे या अधिकारी शामिल हैं?
फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल पेपर लीक कांड में आगे और भी कई गिरफ्तारियों के कयास लगाए जा रहे हैं।