Viral Video: रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की एक नियमित उड़ान उस समय किसी लाइव कॉन्सर्ट में तब्दील हो गई, जब मशहूर प्लेबैक सिंगर सोनू निगम यात्रियों के बीच पहुंचे। अपने पसंदीदा गायक को अचानक सामने देखकर यात्रियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और फ्लाइट के अंदर का पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। सोनू निगम को देखते ही फ्लाइट में मौजूद फैंस उत्साहित हो गए और उन्हें अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे। खास बात यह रही कि सोनू निगम ने भी अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया। यात्रियों की खास फरमाइश पर उन्होंने फ्लाइट में ही सुर छेड़ दिए।
सुपरहिट गानों से बांधा समां
यात्रियों के आग्रह पर सोनू निगम ने 'कल हो न हो', 'हर घड़ी बदल रही है जिंदगी' और 'बिजुरिया' जैसे अपने सुपरहिट गाने गाकर सफर को यादगार बना दिया। इस दौरान विमान के अंदर मौजूद हर शख्स के चेहरे पर गजब का उत्साह नजर आया। यात्रियों के साथ-साथ फ्लाइट के क्रू मेंबर्स और एयरहॉस्टेस ने भी इस खास पल का भरपूर आनंद लिया और सिंगर के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे वाकये को कई यात्रियों ने अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इंटरनेट पर इस वीडियो को खूब पसंद किया जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने यात्रियों को खुशकिस्मत बताते हुए 'हाउ लकी' लिखा, तो वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि इन लोगों को तो मुफ्त में ही पूरा कॉन्सर्ट देखने को मिल गया।
एम्स के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे रायपुर
जानकारी के मुताबिक, सोनू निगम एक दिन पहले ही रायपुर स्थित एम्स (AIIMS) के सांस्कृतिक कार्यक्रम 'ओरियाना फेस्ट' में लाइव परफॉर्मेंस देने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे इंडिगो की फ्लाइट से वापस मुंबई लौट रहे थे, जिस दौरान यह यादगार घटना हुई।











