Ambikapur News: "मुझे 40-50 व्यापारियों ने बांधकर बंधक बना लिया है, आप तुरंत पुलिस भेजिए और मुझे छुड़वाइए।" सोमवार रात जब पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन पर यह बात कही, तो वहां खड़े व्यापारी एक पल के लिए सन्न रह गए। हालांकि, कुछ ही सेकंड में सबको माजरा समझ आ गया। कोई अपहरण या बंधक जैसी स्थिति नहीं थी, बल्कि चोरी के मामले में पुलिस की सुस्ती से नाराज व्यापारियों के बीच मंत्री का यह पुलिस को आईना दिखाने और जगाने का अनोखा तरीका था। इस पूरी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
लाखों की चोरी और ठंडे बस्ते में पड़ी जांच
पूरा मामला अंबिकापुर के खरसिया रोड स्थित 'अग्रवाल ट्रेडिंग' से जुड़ा है। यहां लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका शक पुराने कर्मचारियों पर जताया गया। पीड़ित कारोबारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और कई बार पुलिस अफसरों के चक्कर भी काटे, लेकिन गिरफ्तारी के नाम पर हाथ खाली रहे। बताया जा रहा है कि खुद मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी पुलिस को आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे, मगर जांच वहीं की वहीं अटकी रही।
पैसे लेने के आरोप ने बढ़ाया पारा
सोमवार रात मंत्री राजेश अग्रवाल शहर के अग्रसेन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां काफी संख्या में कारोबारी भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अग्रवाल ट्रेडिंग के संचालक ने मंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने कहा कि आरोपी तो आजाद घूम रहे हैं, उल्टा पुलिस ने जो 'खर्चा' मांगा था, वह भी दे दिया गया, फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। बस, इतना सुनते ही मंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके से ही कोतवाली टीआइ अखिलेश सिंह को फोन मिला दिया।
दो दिन का वक्त दीजिए vs मुझे ही छुड़वा लीजिए
फोन पर कोतवाली प्रभारी ने स्थिति संभालने की कोशिश करते हुए कहा कि टीम लगातार लगी हुई है, बस दो दिन का समय और दीजिए, आरोपी पकड़ में आ जाएंगे। टीआइ के इस जवाब पर मंत्री का व्यंग्यात्मक और सख्त अंदाज सामने आया। उन्होंने कहा, "चलिए ठीक है, अगर आरोपी नहीं मिल रहे तो छोड़ दीजिए, आप मुझे ही छुड़वाने आ जाइए। यहां 40-50 व्यापारियों ने मुझे बांधकर बंधक बना लिया है।" टीआइ दूसरी तरफ से यही कहते रहे कि आप व्यापारियों को समझा दीजिए कि दो दिन में नतीजा सामने आ जाएगा, लेकिन मंत्री अपनी बात पर अड़े रहे और बार-बार पुलिस भेजकर खुद को छुड़वाने की बात दोहराते रहे। आखिरकार मंत्री ने सख्त लहजे में कहा, "ठीक है, दो दिन बाद क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी मुझे फोन पर दीजिएगा।" कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने जब मंत्री का यह बेबाक अंदाज देखा, तो वे भी हैरान रह गए।












