Ganja Smuggling: जिले के कोमाखान और बसना थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग जगहों पर नाकेबंदी कर ओडिशा से गांजा ला रहे छह आरोपियों को धर दबोचा। दोनों मामलों में पुलिस ने करीब 7.44 किलोग्राम गांजा, तीन बाइक और मोबाइल फोन समेत कुल 5.52 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कोमाखान में पायलटिंग करते 4 युवक पकड़ाए
पहली कार्रवाई कोमाखान पुलिस ने NH-353 स्थित चौखड़ी के पास की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के खरियार से बागबाहरा-महासमुंद की ओर दो पल्सर मोटरसाइकिलों पर गांजा लाया जा रहा है, जिनमें एक बाइक आगे पायलटिंग कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद एक बिना नंबर की ग्रे पल्सर NS-125 और एक अन्य ग्रे पल्सर (CG 04 RA 2799) वहां पहुंचीं, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम भावेश साहू उर्फ आयुष साहू (21), विनय कुमार साहू (19), पिकेश साहू (21) और लोकेश साहू उर्फ काशीराम साहू (19) बताए, जो सभी धमतरी जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र (करगा और सकरी गांव) के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खरियार और नुआपाड़ा के बीच एमबी मॉल के पास राधे नामक व्यक्ति से गांजा लेकर आए थे। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद नीले रंग के पिट्ठू बैग से खाकी टेप में लिपटे दो पैकेट में 4.490 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 24 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा, दोनों बाइक और चारों आरोपियों के मोबाइल फोन समेत कुल 3 लाख 64 हजार 500 रुपये का सामान जब्त कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
बसना में बाइक की डिक्की से गांजा बरामद, 2 गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई बसना पुलिस ने पदमपुर रोड पर थाना के सामने नाकेबंदी कर की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पदमपुर (ओडिशा) की ओर से आ रही सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 06 GE 2059) को रोकने का इशारा किया। चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र प्रधान (44) निवासी गोहेदादर और सहदेव धवाल (66) निवासी बाराडोली (दोनों भंवरपुर चौकी क्षेत्र, थाना बसना) के रूप में हुई। बाइक की तलाशी लेने पर उसमें रखे तीन पॉलिथीन थैलों से 2.954 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1 लाख 47 हजार 700 रुपये है। पुलिस ने गांजा, बाइक और एक मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 87 हजार 700 रुपये का मशरूका जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मामले की संक्षिप्त जानकारी
तारीख: 23 नवंबर 2026
स्थान: NH-353 चौखड़ी (कोमाखान) और पदमपुर रोड (बसना), जिला महासमुंद
कुल जब्त गांजा: 7.444 किलोग्राम (4.490 किग्रा कोमाखान + 2.954 किग्रा बसना)
कुल गिरफ्तार आरोपी: 6
कुल जब्त मशरूका: 5,52,200 रुपये (दोनों मामलों को मिलाकर)
कानूनी कार्रवाई: एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी










