Theft Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देउठनी एकादशी का त्योहार मनाने परिवार के साथ पैतृक गांव जाना एक परिवार को महंगा पड़ गया। घर में ताला लगाकर गांव गए परिवार के पीछे अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र के किरोड़ीमलनगर की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के ग्राम पाराघाट निवासी 61 वर्षीय बाबूलाल साहू उर्फ मोहन लाल साहू पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ किरोड़ीमलनगर में रह रहे हैं। शुक्रवार को देउठनी एकादशी के अवसर पर वह पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में ताला लगाकर अपने पैतृक गांव पाराघाट चले गए थे।
टूटे दरवाजे से खुला चोरी का मामला
अगले दिन उनके मकान में दुकान किराए पर लेने वाले परसराम जायसवाल ने फोन कर घर का मुख्य दरवाजा खुला होने और कुंडी टूटे होने की जानकारी दी। बाबूलाल साहू की अनुमति मिलने पर किराएदार ने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद बाबूलाल साहू वापस घर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सोने की अंगूठी समेत चांदी के जेवर और नकदी चोरी
चोर घर से करीब 3 तोला सोने की अंगूठी, 35 तोला चांदी की पायल, 20 तोला चांदी की ट्रे, 5 तोला चांदी की मूर्ति, 2 तोला चांदी का सिक्का, चांदी की अंगूठी और करीब 4 तोला चांदी की बिछिया ले गए। इसके अलावा अलमारी में रखे 22 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 72 हजार रुपए बताई गई है। आरोपियों ने जेवरों से संबंधित रसीदें भी अपने साथ ले लीं।पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत मिलने पर कोतरा रोड थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।












