Viral Video: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक तरफ जहाँ 32 साल की महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ आरोपी के ठाठ-बाठ देखकर हर कोई दंग है। सलाखों के पीछे जाने से बचने के लिए अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती हुए रेप के आरोपी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बड़े आराम से मोबाइल पर बतियाते और गुटखा खाते नजर आ रहा है। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि जिस बेड पर आरोपी लेटा है, ठीक उसके बगल वाले बेड पर उसकी सुरक्षा में तैनात दो पुलिस आरक्षक भी गहरी नींद या आराम फरमाते दिख रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, कोरबा के खरमोरा इलाके में रहने वाली 32 साल की एक विधवा महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है और अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर पर रहती है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 14 अप्रैल 2022 को वह सतरेंगा में पिकनिक मनाने गई थी। वहीं पर उसकी मुलाकात कोरबा के एक पावर प्लांट में काम करने वाले पवन महतो से हुई थी। पवन की अभिनंदन कॉम्प्लेक्स के पास चार डिसमिल जमीन थी, जिसे बिकवाने के सिलसिले में दोनों की जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी लगातार उससे मिलने लगा।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप
महिला का आरोप है कि धीरे-धीरे जान-पहचान प्यार और भरोसे में बदलने लगी। 19 अप्रैल 2023 को पवन उसे रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित अपने किराए के फ्लैट पर ले गया और वहाँ उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद भी पवन शादी का भरोसा देकर बार-बार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी वह शादी की बात करती, तो आरोपी अपनी पत्नी को तलाक देने का झांसा देकर बात टाल देता था। आखिरकार, जब आरोपी अपने वादे से मुकरने लगा और लगातार टालमटोल करता रहा, तब तंग आकर महिला ने 8 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
अस्पताल बना ‘आरामगाह’, वीडियो आया सामने
पुलिस ने 10 अक्टूबर को आरोपी पवन महतो को पकड़ लिया था। नियम के मुताबिक उसे मेडिकल लीगल केस (MLC) और मुलाहिजा जांच के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने अचानक अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। पुलिस ने भी बिना देर किए उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती करा दिया। अस्पताल के बिस्तर पर लेटते ही आरोपी के तेवर बदल गए। जेल जाने के डर से अस्पताल पहुंचे पवन का एक वीडियो मीडियाकर्मियों के हाथ लग गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जनाब अस्पताल के बेड पर पूरी शान से लेटे हुए हैं, एक हाथ में मोबाइल पर बातचीत चल रही है और मुँह में गुटखा ठूंस रखा है।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, आरक्षकों की भूमिका पर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लाजिमी थे। वीडियो में आरोपी के ठीक बगल वाले बेड पर उसकी पहरेदारी के लिए तैनात दो पुलिस आरक्षक भी आराम फरमाते नजर आए, जिससे मामला और गरमा गया। इस पूरे घटनाक्रम पर कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने सफाई देते हुए कहा है कि, "उस समय आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी और वह तकनीकी रूप से पुलिस कस्टडी में भी नहीं था। हालांकि, उसके भागने की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। वीडियो की जांच की जा रही है, और यदि जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है, तो एसपी के निर्देशानुसार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" फिलहाल, इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद अस्पताल में भर्ती आरोपी और लापरवाह पुलिसकर्मियों का यह वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।







