NMDC Protest: किरंदुल-बचेली में आज बड़ा टकराव? काम ठप करने की चेतावनी के बीच पुलिस, प्रशासन और NMDC ने कसी कमर
NMDC Protest: दंतेवाड़ा में NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर 28 नवंबर को बेरोजगार युवाओं ने आंदोलन का ऐलान किया है। किरंदुल और बचेली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं, NMDC प्रबंधन ने भी परियोजना परिसर में जरूरी सामान और ईंधन का स्टॉक रखने सहित एहतियाती इंतजाम किए हैं। आंदोलन को लेकर आदिवासी संगठनों के बीच भी अलग-अलग राय सामने आई है।
NMDC Protest: जिले में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर शनिवार, 28 नवंबर को बड़ा आंदोलन होने जा रहा है।
इस प्रदर्शन में दंतेवाड़ा के साथ-साथ बीजापुर और सुकमा जिले के बेरोजगार युवाओं के भी जुटने की उम्मीद है। प्रदर्शनकारियों ने किरंदुल और बचेली दोनों ही इलाकों में NMDC की परियोजनाओं का कामकाज बंद कराने की तैयारी जताई है। आयोजकों का दावा है कि इस आंदोलन में सैकड़ों युवा शामिल होंगे। युवाओं को किरंदुल और बचेली के स्थानीय फुटबॉल ग्राउंड में इकट्ठा होने के लिए कहा गया है, जहां से आगे की रूपरेखा तय कर प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
पुलिस का कड़ा पहरा और फ्लैग मार्च
बड़े प्रदर्शन की आहट को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) जितेंद्र कुमार खूटे ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर सैकड़ों जवान तैनात किए गए हैं और हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की छूट नहीं मिलेगी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने एक दिन पहले ही किरंदुल और बचेली में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से
शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि उपद्रव या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
NMDC ने संभाला मोर्चा, राशन-ईंधन का स्टॉक और गेट बंद करने की तैयारी
आंदोलन के दौरान संभावित रुकावटों को ध्यान में रखते हुए NMDC प्रबंधन ने भी अपने स्तर पर तैयारियां कर ली हैं। परियोजना परिसर के भीतर राशन सामग्री के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रखा गया है, ताकि किसी भी तरह के व्यवधान की स्थिति में जरूरी काम और आपूर्ति प्रभावित न हों। इसके अलावा परियोजना क्षेत्र में जाने वाले रास्तों पर बड़े गेट लगाए गए हैं, जिन्हें बंद कर बाहरी लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जाएगा।
आदिवासी संगठनों में दिखे दो अलग-अलग सुर
इस आंदोलन को लेकर आदिवासी समाज के भीतर एकराय नहीं दिख रही है।
संवाद के पक्ष में एक धड़ा: छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने 27 नवंबर को बचेली के SDM और NMDC के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर इस प्रदर्शन से असहमति जताई। उनका कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलना बेहद जरूरी है, लेकिन इसका रास्ता बातचीत और संवाद से निकलना चाहिए। ज्ञापन में यह आशंका भी जताई गई है कि आंदोलन के चलते सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के काम में बाधा आ सकती है तथा कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है, इसलिए प्रशासन को जरूरी कदम उठाने चाहिए।
युवाओं के साथ खड़ा दूसरा धड़ा: दूसरी ओर, सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने युवाओं की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय बेरोजगारी का मुद्दा गंभीर है और उनका संगठन युवाओं के साथ है। उन्होंने यह भी बताया कि वे खुद 28 नवंबर को किरंदुल-बचेली पहुंचकर प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे और संगठन की ओर से युवाओं को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
ठोस फैसले तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
स्थानीय बेरोजगार युवा संगठन ने दो टूक कहा है कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। युवाओं का कहना है कि जब तक NMDC प्रबंधन L1-L2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं करता, तब तक यह विरोध जारी रहेगा। आज होने वाले प्रदर्शन के लिए तीनों जिलों से बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की तैयारी की जा रही है।