Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे वन क्षेत्र में भूस्खलन की घटना सामने आई है। 18 नवंबर की रात पहाड़ी से बजरी और मलबा खिसककर नाले के रास्ते करीब 2 से 3 किलोमीटर तक बह गया और समतल जमीन पर जमा हो गया। मलबे की चपेट में आने से एनएमडीसी का वेस्ट डंप और लोहागांव पहुंच मार्ग प्रभावित हुआ है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
कलेक्टर और अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद 19 नवंबर को दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी और एनएमडीसी किरंदुल के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मलबे के फैलाव, पहाड़ी की स्थिति और प्रभावित पहुंच मार्ग का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि इस प्राकृतिक घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
NMDC ने खनन गतिविधियों से संबंध होने से किया इनकार
घटना के बाद 20 नवंबर को एनएमडीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा। कंपनी ने स्पष्ट किया कि किरंदुल क्षेत्र में हुई यह घटना बैलाडीला पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में प्राकृतिक कारणों से बजरी और मलबा खिसकने के कारण हुई है। एनएमडीसी ने कहा कि घटना का उसकी किसी भी खनन गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। कंपनी के मुताबिक, आसपास के गांवों में किसी की संपत्ति या अन्य प्रकार के नुकसान की सूचना भी नहीं मिली है।मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात, विशेषज्ञ करेंगे जांच
एनएमडीसी ने घटनास्थल पर जमा बजरी और मलबे को हटाने के लिए भारी मशीनें तैनात कर दी हैं। वहीं, जिला प्रशासन के समन्वय से विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल का निरीक्षण कर भूस्खलन के कारणों का विस्तृत आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेषज्ञों की टीम पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति, मलबे के बहाव और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करेगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। एनएमडीसी प्रबंधन ने कहा है कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही पहाड़ी से मलबा खिसकने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।











