AI Data Theft: साइबर सुरक्षा और डेटा चोरी के एक चौंकाने वाले मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से 14 वर्षीय एक किशोर को हिरासत में लिया है। आरोप है कि नाबालिग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से कथित तौर पर करीब 4,000 अग्निवीरों का डेटा जुटाया और उसे डार्क वेब पर बेचने की फिराक में था। इस पूरे घटनाक्रम ने डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डार्क वेब पर 500 डॉलर का सौदा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी किशोर ने डेटा चोरी करने के लिए कथित तौर पर एआई का सहारा लिया। उसने दावा किया कि उसके पास लगभग 4,000 अग्निवीरों की जानकारी मौजूद है, जिसे वह करीब 500 अमेरिकी डॉलर में बेचना चाहता था। इसके लिए उसने डार्क वेब पर बाकायदा एक विज्ञापन भी पोस्ट किया था। मामला संज्ञान में आते ही स्पेशल टीम हरकत में आई और किशोर को पकड़कर उसके पास से डिजिटल उपकरण व संदिग्ध डेटा बरामद किया।
कहाँ से आया डेटा?
पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह डेटा कथित तौर पर उस पोर्टल या वेबसाइट से जुड़ा हो सकता है, जिसे पूर्व अग्निवीरों के पंजीकरण और अन्य सरकारी विभागों में रोजगार के अवसर तलाशने के उद्देश्य से बनाया गया था। हालांकि, डेटा वास्तव में उसी स्रोत से चोरी हुआ है या किसी और तरीके से जुटाया गया, इसकी तस्दीक अभी बाकी है।
गृह मंत्रालय करेगा डेटा की पुष्टि
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद किशोर को छोड़ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद डेटा की सत्यता की जांच के लिए इसका मिलान गृह मंत्रालय के रिकॉर्ड से किया जाएगा। मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर के पास मौजूद डेटा असली है या महज एक दावा।











