Police Constable: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुडमार बांधा के जंगल में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक मिथिलेश कुमार लेढिया (29 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जंगल में ग्रामीणों ने देखा आरक्षक का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण मुडमार बांधा के जंगल की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके युवक के शव पर पड़ी। पास जाकर पहचान होने पर पता चला कि मृतक महासमुंद पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत मिथिलेश कुमार लेढिया हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की खबर पुलिस विभाग तक पहुंचते ही महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल आरक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
आत्महत्या की आशंका, जांच के बाद सामने आएगी वजह
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि आरक्षक ने आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरक्षक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और इसके पीछे क्या वजह रही, इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।











